पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Banwar News Mp News Compulsion Winter Summer Or Rainy Season Has To Be Cremated Here In The Open

मजबूरी: सर्दी, गर्मी हो या बारिश का मौसम यहां खुले में करना पड़ता है अंतिम संस्कार

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

गांव में मात्र दो मुक्तिधाम हैं, लेकिन छाया, बैठने एवं पानी की नहीं है व्यवस्था

बनवार उप तहसील मुख्यालय की आबादी करीब दस हजार पहुंच गई है, लेकिन यहां पर महज दो मुक्तिधाम हैं। एक बस स्टैड के पास व दूसरा उपतहसील मुख्यालय के पीछे है। लेकिन वहां पर सर्दी, बारिश व तेज धूप से बचने के लिए छाया की व्यवस्था के लिए टीनशेड नहीं लगे हैं। जिसके कारण लोगों को अपने परिजनों के अंतिम संस्कार के दौरान खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी उस समय होती है जब अंतिम संस्कार के दौरान बारिश हो जाती है, तब दाह संस्कार करने में परिजनों को घंटों का समय लग जाता है।

हैरानी की बात तो यह है कि इस गंभीर समस्या के निराकरण के लिए न तो ग्राम पंचायत का ध्यान है और न ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा इस समस्या के समाधान के लिए कोई पहल की जा रही है। गांव में मुक्तिधाम का निर्माण तो कर दिया गया है। लेकिन जरूरी छाया, बैठक एवं पानी की व्यवस्थाएं नहीं की गई है। इसके अलावा श्मशान की साफ-सफाई तक की व्यवस्था नहीं की गई है। बीते कई सालों से बनवार ग्राम के लोग मुक्तिधाम में छाया के लिए टीनशेड व साफ-सफाई बैठक व्यवस्था के लिए पुख्ता इंतजाम की लगातार मांग करते रहे हैं, लेकिन ग्राम पंचायत बनवार तथा जनपद पंचायत जबेरा की उदासीनता के चलते अब तक मुक्तिधाम में टीनशेड निर्माण नहीं किया गया।

यह हालात तब हैं जब सरकार और संबंधित विभाग द्वारा प्रत्येक गांव में मुक्तिधाम का निर्माण कराया जाना प्राथमिकता पर लिया गया था। इतना ही नहीं मुक्तिधाम पहुंचने के लिए सड़क भी नहीं हैं। जिसके चलते लोगों को मुक्तिधाम पहुंचने में काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों द्वारा क्षेत्रीय विधायक धर्मेंद्र सिंह के सामने 14 फरवरी को आपकी सरकार आपके द्वार में मंच से भी इस मांग को उठाया गया था,

जिसके वाद औपचारिकता के लिए मुख्य सड़क से कुछ ट्राली मुरम डालकर छोड़ दिया गया। लेकिन मुक्तिधाम में टीनशेड के निर्माण की सुध शासन-प्रशासन द्वारा अभी तक नहीं ली गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के दोनों मुक्तिधाम में जल्द से जल्द जरूरी व्यवस्थाएं की जाएं।

खबरें और भी हैं...