- Hindi News
- National
- Patharia News Mp News Due To Lack Of Repairs For Three Years The Road Of The Belkhedi Under Bridge Is Shaky Driver Upset
तीन साल से मरम्मत न होने से बेलखेड़ी अंडर ब्रिज की सड़क जर्जर, वाहन चालक परेशान
पथरिया-दमोह मार्ग पर ग्राम बेलखेड़ी के पास बने रेलवे अंडर ब्रिज की जर्जर सड़क वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गई है। अंडर ब्रिज के एक छोर से दूसरे छोर तक 300 मीटर की सीसी सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। साथ ही कई जगह सड़क की गिट्टी उखड़ गई है। जिससे वाहन चालक जैसे ही ढलान एवं मोड पर पहुंचते हैं तो अचानक वाहन फिसल जाते हैं।
रात के समय वाहनों की चकाचौंध के कारण सड़क के गड्ढे नजर नहीं आते हैं। जिससे आए दिन हादसे घटित हो रहे हैं। गौरतलब है कि रेलवे द्वारा तीन साल पहले बेलखेड़ी फाटक को बंद करके अंडर ब्रिज का निर्माण कराया था। जिसके कारण इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को काफी सहुलियत हो गई थी, साथ ही समय की भी बचत होने लगी। स्थानीय निवासी रूपराम पटेल, राघवेंद्र पटेल ने बताया कि अंडर ब्रिज का निर्माण तीन साल पहले किया गया था।
लेकिन हर साल बारिश के बाद पुल पर गड्ढे होते गए, जिसकी एक भी बार मरम्मत नहीं कराई गई। जिससे अब पूरी सड़क जगह-जगह से उखड़ गई है। जिससे वाहन चालकों को आने-जाने में खासी परेशानी होती है। जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले इस मार्ग पर वाहनों की हमेशा ही आवाजाही बनी रहती है। जिसके कारण चौबीस घंटे में करीब दो हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से निकलते हैं। वर्ष 2014-15 में एमपीआरडीसी द्वारा पथरिया से दमोह तक सड़क निर्माण कराए जाने के बाद सागर, गढ़ाकोटा, शाहपुर, केरबना व बंडा क्षेत्र से भी ज्यादातर वाहन इसी मार्ग से दमोह आते-जाते हैं, लेकिन अंडर ब्रिज के कारण वाहनों को आने-जाने में खासी परेशानी होती है।
पता किया जाएगा: प्रियंका दीक्षित, रेल पीआरओ ने कहा कि मुझे इस संबंध में जानकारी नहीं है। यदि अंडर ब्रिज की सड़क पर गड्ढे हो गए हैं तो संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा करेंगे।
पथरिया। बेलखेड़ी के पास बना रेलवे के अंडर ब्रिज के नीचे की सीसी सड़क पर गड्ढे वाहन चालकाें के लिए मुसीबत बने हुए हैं।
रेलवे के क्षेत्र में आता है
सुनील कालरा, प्रबंधक एमपीआरडीसी का कहना है कि अंडर ब्रिज के नीचे की सड़क रेलवे क्षेत्र में आती है। इसकी मरम्मत के संबंध में रेलवे के अधिकारी ही बात सकेंगे।