- Hindi News
- National
- Damoh News Mp News Gulal Flew On Rangpanchami Flowers In Temples Youth Groups Created Ruckus
रंगपंचमी पर उड़ी गुलाल, मंदिरों में बरसे फूल, युवाओं की टोलियों ने मचाई हुड़दंग
श्री देव जागेश्वर नाथ धाम मंदिर में भव्यता से रंग पंचमी महामहोत्सव मनाया गया। जिसमें सर्वप्रथम मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक पं. रामकृपाल पाठक के द्वारा मुख्य यजमान बनकर जागेश्वर नाथ जी का अभिषेक किया गया। उसके बाद टेसू के फूल का रंग एवं गुलाल से मंदिर के पुजारियों के सहित सभी ने भगवान जागेश्वर नाथ जी के साथ होली खेली।
विशेष रुप से टेसू के फूलों का रंग एवं गुलाल से यहां पर होली खेलने की प्राचीन परंपरा है वही बांदकपुर धाम के आसपास की होली मंडलियों के द्वारा मंदिर परिसर में ढोलक एवं नगड़िया की थाप पर फाग गाते हुए एवं नाचते हुए ग्रामीणों के द्वारा होली खेली गई एवं आग गीतों को गाया गया। मंदिर के पुजारी संस्कृत विद्यालय के विद्यार्थी एवं समस्त कर्मचारियों के साथ साथ समस्त भक्तों के द्वारा नाचते गाते हुए एक दूसरे पर रंग गुलाल लगाते हुए उत्सव आनंद के साथ मनाया गया।
मंदिरों में खेली गई फूलों की होली
रंगपंचमी पर शहर के मंदिरों में फूलों की होली खेली गई। शहर के घंटाघर के पास स्थित बूंदाबहु मंदिर, हनुमान गढ़ी मंदिर, मारवाड़ी मंदिर में रंग पंचमी महोत्सव मनाया गया। भजन मंडलियों ने फागें गाईं। भक्तों ने फूल बरसाए और खूब गुलाल उड़ाई। शाम से शुरू हुआ महोत्सव रात करीब 9 बजे तक चला। वहीं भगवान की भव्य आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।
भाजपा कार्यालय में मनाई रंगपंचमी
जिला भाजपा कार्यालय में सुबह 11 बजे से रंगपंचमी पर मिलन समारोह कार्यक्रम किया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर खूब नाचे। कार्यालय के बाहर युवाओं ने नाचकर आनंद लिया। टैंकर से पानी की बौछारें की गईं। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों सहित महिला कार्यकर्ताओं और युवाओं की उपस्थिति रही। इधर शहर में गलियों चौराहों पर युवाओं की टोलियों ने हुड़दंग मचाई। युवाओं की टोलियों गुलाल से सराबोर होकर बाइकों से शहर में घूमते रहे। वहीं शांति व्यवस्था के लिए एसपी हेमंत चौराहा सहित पुलिस जवानों ने शहर भ्रमण किया तो मुख्य चौराहों पर दिनभर पुलिस तैनात रही।
दमाेह। बांदकपुर धाम में भव्यता से मनाई गई रंगपंचमी।