दहेज की मांग को लेकर पति ने पत्नी के साथ की मारपीट
निजी अस्पताल में कराता रहा इलाज, मायके वालों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया
कोतवाली थाना क्षेत्र के कछियाना मोहल्ला निवासी एक महिला के साथ उसे पति द्वारा दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। महिला का इलाज निजी अस्पताल कराया जा रहा था लेकिन महिला के मायके वाले दमोह पहुंचे तो उन्होंने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। इधर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से पति फरार चल रहा है। वहीं ससुराल वाले अस्पताल के चक्कर लगा रहे हैं जिससे महिला के परिजन दहशत में हैं।
जानकारी अनुसार मनोरमा पति आकाश अहिरवार 25 के साथ उसके पति ने मारपीट कर दी। महिला की मां ललिता पति मनेश्वर भारती 45 निवासी कटनी भारत चौक ने बताया कि मनोरमा की शादी 19 अप्रेल 2019 को हुई थी, शादी के बाद से दामाद आकाश अहिरवार दहेज को लेकर परेशान करके मारपीट करता है और दहेज में 10 हजार रुपए लाने कहता है। तीन दिन पहले भी उसकी बेटी के साथ मारपीट की गई और उसका इलाज ससुराल वाले निजी अस्पताल में कराते रहे, बेटी को होश आने के बाद उसने मोबाइल पर घटना बताई तो हम लोग गुरुवार को दमोह पहुंचे और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया और कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद दामाद फरार है लेकिन ससुराल वाले अस्पताल के चक्कर लगा रहे हैं यहां हम लोगों का कोई नहीं है इसलिए दहशत में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।