- Hindi News
- National
- Damoh News Mp News Milkscreen Machine Investigation On The Spot Report Adulteration Of Water Found In Milk
मिल्कोस्क्रीन मशीन से हुई जांच, मौके पर आई रिपोर्ट, दूध में मिली पानी की मिलावट
आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रशासन रवींद्र सिंह के आदेशानुसार खाद्य पदार्थों में मिलावट का पता करने के आसान परीक्षण की जानकारी के उद्देश्य एवं उपभोक्ताओं को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मप्र के विभिन्न शहरों में मोबाइल फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी को भेजा गया है।
गुरुवार को दमोह में मोबाइल फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम के तहत खाद्य सुरक्षा एवं प्रशासन अधिकारी राकेश अहिरवाल, प्रीति राय एवं माधवी बुधौलिया ने शहर में मोबाइल फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी में रखी मिल्कोस्क्रीन मशीन की सहायता से टी स्टाल, दूध डेरी, होटल, जलपान गृह में संग्रहित दूध की गुणवत्ता की जांच की। जांच में दूध में फैट, एसएनएफ प्रोटीन की मात्रा, यूरिया, पानी, डिटर्जेंट सहित अन्य प्रकार के मिलावटी पदार्थों की जांच की गई। मशीन से किए गए परीक्षण में दूध के नमूनों में किसी भी प्रकार की हानिकारक रासायनिक मिलावट नहीं पाई गई। परीक्षण में टी स्टाल, चाय विक्रय सेंटर्स में चाय बनाने में उपयोग किए जा रहे दूध के नमूनों में पानी की मिलावट पाई गई। मौके पर समस्त दुकानदारों को दूध में पानी न मिलाने की समझाइश दी गई है।
जांच किए गए खाद्य प्रतिष्ठानों में श्री होटल, दमोह जैन रेस्टोरेंट, पलंदी चौराहा, संदीप चौरसिया, राहुल असाटी, कचौरा शॉपिंग, लक्ष्मी चाय सेंटर, लंकेश चाय सेंटर, दिलीप चौरसिया, सेवा सदन होटल एवं कैलाश लॉज सहित दर्जन भर दुकानें शामिल हैं।