- Hindi News
- National
- Banwar,Tikamgarh News Mp News Person Returned From Delhi Admitted In Isolation After A Cold Cold Sent Sample
दिल्ली से लौटे व्यक्ति को सर्दी-जुकाम होने पर आइसोलेशन में किया भर्ती, सैंपल भेजा
महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण से प्रभावित अब तक कोई संदिग्ध मरीज टीकमगढ़ व निवाड़ी जिले में सामने नहीं आया है, लेकिन विदेशों में फैलने से वहां से आने वाले लोगों पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। इसी बीच दिल्ली से टीकमगढ़ के बड़ागांव धसान आए एक मजदूर को सर्दी- जुकाम की शिकायत पर जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।
सिविल सर्जन का कहना है कि मरीज के सैंपल लेकर जबलपुर भेजे जा रहे हैं। दो तीन दिन में रिपोर्ट आ जाएगी। फिलहाल एहतियात बरता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मौसम बदलने के चलते जिला अस्पताल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी में इजाफा देखने को मिल रहा है। अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले तीन दिनों में जिला अस्पताल की ओपीडी 3344 रही है। जिनमें से 30 फीसदी मरीज सर्दी जुकाम के हैं।
निवाड़ी जिले के ओरछा में आने वाले 47 विदेशी पर्यटकों की स्वास्थ्य निरीक्षण किया गया, जिनमें कोरोना वायरस के लक्षण नहीं पाए गए। जिले में विदेश से वापस आए तीन लोगों का परीक्षण किया गया, जिनमें सभी स्वस्थ पाए गए हैं। ओरछा में बाहर से आने वाले और विदेशी सैलानियों की होटल में स्क्रीनिंग की जा रही है। हालांकि नोबेल काेरोना के चलते आेरछा में आने वाले विदेशी सैलानियों की संख्या में भी कमी आई है। जिसका असर होटल की बुकिंग पर दिखने लगा है। जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग में 6 बिस्तर का आइसोलेशन (संक्रमित रोग नियंत्रण) वार्ड बनाया गया है। वेंटीलेटर चलाने के लिए जिले में मौजूद सरकारी व निजी निश्चेतना विशेषज्ञों को मेडिकल प्रशिक्षण के लिए भेजने की तैयारी है।
इसके लिए जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. एचबी बड़गैया और डॉ. भरत घोष के नाम प्रशिक्षण के लिए भेजे गए हैं। वहीं बाहर से आने वाले मरीजों की जांच पड़ताल के लिए कुंडेश्वर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में 10 वार्ड का क्वारिन्टाइन वार्ड बनाया गया है। इसके अलावा विदेशों से आने वाले लोगों के लिए फार्म ए में उनकी व्यक्तिगत जानकारी में कहां से कब आए, फ्लाइट व सीट नंबर आदि दर्ज करवाने की व्यवस्था की गई है। वहीं फार्म बी में 28 दिनों तक स्वास्थ्य के बारे में रोज जानकारी और परीक्षण किया जा रहा है।