छाया कोहरा, दिन-रात के तापमान में गिरावट
बार बार बदल रहे मौसम से किसानों की चिंता बढ़ी
शहर सहित जिले में बार-बार मौसम बदल रहा है। शनिवार को सुबह से शहर में कोहरा छाया रहा। मार्च में कोहरा छाने से जहां किसान अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं, वहीं मौसम में नमी बनी रहने से कोरोना वायरस का खतरा भी बना हुआ है। दरअसल माैसम में नमी के चलते वायरस सक्रिय रहता है लेकिन यदि तापमान बढ़ जाए तो वायरस का खतरा कम हो जाता है।
शनिवार को सुबह से कोहरा छाया रहा लेकिन दोपहर में धूप निकल आई। एक दिन पहले शुक्रवार को शहर में बूंदाबांदी होने के बाद से मौसम में ठंडक बनी हुई है। शनिवार को दिन और रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। दिन का तापमान 31.0 डिग्री और रात का तापमान 16.6 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार को दिन का तापमान 31.2 डिग्री और रात का तापमान 18.0 डिग्री दर्ज किया गया था। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मनोज अहिरवार का कहना है कि दो दिन तक मौसम में उतार चढ़ाव बना रह सकता है इसके बाद तापमान बढ़ने लगेगा। जिससे राहत मिलेगी। वहीं किसानों की माने तो बार-बार मौसम में बदलाव आने से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।