- Hindi News
- National
- Jabera News Mp News The Complainant Was Arrested In Place Of The Accused
आरोपी की जगह फरियादी को किया गिरफ्तार
पुलिस अपराधियों को पकड़ने में अक्सर सुस्त दिखाई देती है। वहीं सीधे-साधे ग्रामीणों को न्यायालय से जारी वारंट की तामील में इतनी जल्दबाजी दिखाती है कि आरोपी की जगह फरियादी को पकड़ लेती है।
ऐसा ही एक मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा नोहटा थाना के ग्राम सिमरी जालम निवासी गजराज पिता मंगल सिंह 35 को गिरफ्तार कर लिया गया। इतना ही नहीं न्यायालय में पेश करने के पहले ही वाहवाही लूटने के चक्कर में फरियादी की गिरफ्तारी की फोटो के साथ जेल भेजने की विज्ञप्ति जारी कर दी गई।
यह है पूरा मामला: जबेरा पुलिस के द्वारा धारा 138 के मामले में फरार वारंटी आरोपी चौपरा जमुनिया निवासी जवाहर सिंह, रतन सिंह द्वारा दो वर्ष पहले गजराज सिंह से उधार लिए गए एक लाख 20 हजार की राशि की एवज चेक दिए गए थे। जब चेक बैंक में लगाए गए तो चेक बाउंस हो गए। जिसके चलते फरियादी गजराज सिंह के द्वारा चेक बाउंस के मामले मे आरोपी जवाहर सिंह के खिलाफ दमोह न्यायालय में मामला दर्ज किया गया था। जिसके चलते दो वर्ष पहले आरोपी जवाहर सिंह के नाम दमोह न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट जारी किया गया था। और जबेरा पुलिस द्वारा आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश करने में तो नाकाम साबित हुई, लेकिन फरियादी को गिरफ्तार करके वाहवाही लूटने में इतनी उत्साही हो गई कि वारंटी आरोपी और फरियादी में अंतर खुद के विवेक से नहीं लगा पाई।
वारंट की तामीली की
जबेरा थाना में पदस्थ एएसआई अशोक सिंह ठाकुर का कहना है कि दमोह न्यायालय द्वारा गजराज सिंह के नाम वारंट था और न्यायालय से जारी वारंट की तामीली करना पुलिस काम है। अब फरियादी के नाम वारंट कैसे कट गया हमें पता नहीं। पुलिस ने तो न्यायालय से जारी वारंट तामीली करने कार्रवाई की है।
फरियादी ने पुलिस पर लगाए आरोप
फरियादी गजराज सिंह ने बताया कि गुरूवार को गृह गांव सिमरी के बैंक चौराहा से जबेरा थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक पी खान, एएसआई अशोक सिंह, आरक्षक कल्याण सिंह ने गिरफ्तार करके गुरूवार की रात में ही थाने के बाहर खड़ा करके फोटो खिंचवाने के बाद उसी रात न्यायालय में पेश करके जेल भेजने की प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। जबकि दूसरे दिन न्यायालय में मुझे पेश किया गया था। जहां पर आरोपी की जगह फरियादी का नाम वारंट सामने आने की बात कही गई।