अलग-अलग वाहन दुर्घटनाओं में तीन की मौत
होली के जश्न के दौरान सड़क हादसे में तीन अलग-अलग मौत होने से खुशियां मातम में बदल गईं। होलिका दहन की रात से धुरेड़ी की रात तक तीन वाहन दुर्घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गईं। वहीं अन्य वाहन दुर्घटनाओं में एक दर्जन से ज्यादा लोगों को चोटें आने पर जिला अस्पताल लाया गया। छतरपुर जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र के भीलमपुरा गांव के पास होली की शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। जिनमें से एक की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार बकस्वाहा निवासी बलराम पिता गोरेलाल अहिरवार 32 एवं साथी शनि के साथ खेत से बाइक से घर जा रहा था तभी रास्ते में तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सहित दोनों पुल से नीचे जा गिरे जिससे बलराम की गंभीर चोटें आने के कारण मौत हो गई वहीं शनि काे चोटें आई हैं।
मगरोन थाना क्षेत्र के बरोदाकलां गांव निवासी नन्नू पिता सरदार पटेल 70 अपने घर के सामने खड़ा था जिसे तेज रफ्तार बाइक चालक ने टक्कर मार दी जिससे गंभीर चोटें आने पर जिला अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना मंगलवार की शाम की है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच में लिया है। वहीं सोमवार की रात हिंडोरिया थाना क्षेत्र में ही सरई गांव के पास बाइक सवार एक व्यक्ति हाथ ठेला से टकरा गया जिससे वह सड़क पर गिर गया तभी तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक की चपेट में अाने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने भी मृत घोषित कर दिया। जांच पड़ताल के पास मृतक की पहचान भूपेंद्र पिता रमली पटेल 21 निवासी थाना क्षेत्र गढ़ाकोटा बताया गया। जिसकी सूचना पुलिस ने परिजनों को दी। शव पीएम के बाद परिजनों को सौंपा।
इसके अलावा हिंडोरिया थानांतर्गत आनू के पास सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। जिसमें चित्तू पिता चेतराम अहिरवार 20 निवासी बांदकपुर की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं हिनौताकला के पास बाइक और चार पहिया वाहनों की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में एक को जिला अस्पताल लाया गया। वहीं बाबूलाल, दुर्गेश सहित करीब एक दर्जन लोगों को अलग अलग वाहन दुर्घटनाओं में चोटें आने पर जिला अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
चूहामार दवा खाने से युवक की हालत बिगड़ी : दमोह। चूहामार दवा का सेवन करने से एक युवक की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी अनुसार तेजगढ़ थाना क्षेत्र के दसोंदा निवासी रामकिशन पिता धुरका अहिरवार 21 ने सिर दर्द के चलते चूहामार दवा का सेवन कर लिया। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
होली की खुशियां मातम में बदलीं: बाइक सवार की चार पहिया वाहन की टक्कर से मौत, वहीं घर के सामने खड़े बुजुर्ग की बाइक की टक्कर से मौत