- Hindi News
- National
- Damoh News Mp News Traffic Jammed On Road Encroachment On Road Side Drain
मार्ग पर लगता जाम, सड़क किनारे नाले पर अतिक्रमण
शहर के पठानी माेहल्ला से बड़ापुरा बजरिया वार्ड जाने वाले मार्ग पर हर दिन जाम के हालत बन रहे हैं। सड़क किनारे नालियों के ऊपर लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है वहीं सड़क किनारे गैस एजेंसी संचालित होने से अव्यवस्थित वाहनों के खड़े होने से मार्ग पर जाम लग जाता है। इसी मार्ग से होकर मवेशी चरने के लिए निकलते हैं जिससे सुबह से स्कूल लगने के समय वाहनों की कतार सड़क पर लग जाती है।
इस मार्ग पर नालों के ऊपर स्थानीय लोगों ने बाउंड्रीवाल बना ली हैं वहीं चबूतरे आदि बनाकर अतिक्रमण कर लिया है। इधर एजेंसी के सामने लोग अपने वाहनों को अव्यवस्थित खड़ा कर देते हैं ऐसे में जाम लग जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी सुबह स्कूल लगने के समय और छुट्टी के समय होती है। स्कूली बसें, ऑटो मैजिक आदि वाहन जाम में फंस जाते हैं। एजेंसी के सामने ही राशन दुकान भी संचालित होती है जिस दिन सामग्री का वितरण हाेता है उस दिन सड़क तक लोग खड़े रहते हैं और वाहन खड़े रहते हैं। जिससे पूरा मार्ग संकीर्ण हो जाता है। वहीं वाहन दुर्घटनाएं भी आए दिन इस मार्ग पर होती है। बांदकपुर धाम से दमोह आने वाले चंदन पटेल, आशीष वर्मन ने बताया कि गैस एजेंसी के सामने रोज जाम में वाहन फंस जाते हैं। वहीं पठानी मोहल्ला तक पहुंचने में दस मिनट का समय लग जाता है। यदि एजेंसी के सामने पार्किग होती तो सड़क तक वाहन खड़े नहीं होते जिससे असुविधा नहीं होती।
गौरतलब है कि इस मार्ग पर सड़क की चौड़ाई काफी है लेकिन भारी वाहनों के नहीं निकलने से लोगों ने सड़क किनारे तक मकानों की बाउंड्री आदि बना ली है और पैदल राहगीरों को भी सड़क पर चलना पड़ता है। वहीं वाहनों के निकलने में पैदल राहगीरों को भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। यातायात थाना प्रभारी अभिनव साहू का कहना है कि वाहन चालकों को सड़क पर वाहनों को व्यवस्थित खड़े करने लगातार समझाइश दी जा रही है स्थानीय दुकानदारों को भी वाहनों को ठीक से खड़ा कराने निर्देश दिए जाएंगे।