- Hindi News
- National
- Datia News Mp News Bhaidouj If The Prisoner Was Not Allowed To Meet The Brothers In Jail Then The Sisters And Family Jammed The Road Also Scrambled With The Passers By
भाईदौज: जेल में कैदी भाइयों से नहीं मिलने दिया तो बहनों व परिजन ने सड़क पर लगाया जाम, राहगीरों से हाथापाई भी की
बुधवार को होली के दूसरे दिन भाईदोज पर बहनें जेल में बंद अपने भाईयों को तिलक करना तो दूर उनका चेहरा तक नहीं देख सकीं। आक्रोशित महिलाओं ने जेल के सामने से ही ठंडी सड़क पर जाम लगा दिया। जाम सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक लगा रहा। इस बीच सड़क पर बैठीं महिलाओं के बीच से निकलने पर राहगीरों से हाथापाई तक हो गई। जानकारी मिलने पर एसडीएम, एसडीओपी, टीआई फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे जेल में बंदियों से महिलाओं से न मिलने का कारण जेल प्रशासन से पूछा। जेल प्रबंधन ने केंद्रीय जेल अधीक्षक मनोज कुमार साहू द्वारा चार मार्च को जारी किए गए आदेश का हवाला दिया। काफी समझाइश के बाद महिलाओं की उनके भाईयों से फोन पर बात कराई। महिलाओं को रोली, चंदन और मिष्ठान वापस ले जाना पड़ा।
अब तक दीपावली और होली पर जेल के अंदर महिलाओं की उनके भाईयों से खुली मुलाकात होती थी। महिलाएं मिठाई व अन्य खाने पीने का सामान भी जेल के अंदर ले जाती थीं। जेल प्रशासन खुली मुलाकात के लिए अलग से प्रबंध करता था। लेकिन इस बार मप्र शासन के जेल विभाग ने इस पर रोक लगा दी। 10 मार्च को दैनिक भास्कर में विज्ञप्ति प्रकाशित कर 11 मार्च को होली की भाईदोज को खुली मुलाकात पर पूर्णत: प्रतिबंध का जिक्र किया गया था। केंद्रीय जेल अधीक्षक मनोज कुमार ने विज्ञप्ति में स्पष्ट किया था कि 13 दिसंबर 2019 को मप्र के गृहमंत्री बाला बच्चन ने ग्वालियर संभाग की बैठक में जेल अफसरों के साथ बैठक की थी। समीक्षा बैठक के दौरान जेल में होली पर्व के पश्चात भाईदौज पर्व पर आयोजित खुली मुलाकात का जेल नियमावली में कोई प्रावधान न होने व शासन आदेश न होने से पूर्णत: प्रतिबंध लगाया गया था। लेकिन बुधवार को सुबह 6 बजे ही महिलाएं सैकड़ों की तादाद में ठंडी सड़क पर जेल के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंच गईं। सुबह 10 बजे तक गेट के अंदर प्रवेश नहीं मिला तो महिलाओं ने ठंडी सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। महिलाओं का कहना था कि जेल प्रशासन हठधर्मिता दिखाकर भाईयों से मिलने से रोक रहा है। दोपहर 12 बजे अस्पताल की तरफ जा रहे लोगों ने जाम के बीच से निकलने का प्रयास किया तो वहां खड़े लोगों की राहगीरों से हाथापाई हो गई। अन्य लोगों ने बीच बचाव किया। इसके बाद एसडीएम वीरेंद्र सिंह बघेल, एसडीओपी गीता भारद्वाज समेत दोनों थानों के टीआई और भारी पुलिस बल पहुंच गया। काफी समझाइश के बाद महिलाएं फोन से ही भाईयों से मुलाकात करने पर मानी।
जेल के सामने ट्रैफिक जाम के दौरान बीच से निकलने पर राहगीर युवक के साथ हाथापाई करते लोग।