- Hindi News
- National
- Datia News Mp News Bike Raiders Going To Wedding Ceremony Hit Tractor Two Killed
शादी समारोह में जा रहे बाइक सवारों को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, दो की मौत
गढ़ी में टेकरी मंदिर के पास हुआ हादसा, एक ने मौके पर दूसरे ने अस्पताल ले जाते में तोड़ा दम
गोराघाट थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी में टेकरी मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे एक युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि पीछे बैठे युवक की जिला अस्पताल से झांसी रैफर करते वक्त रास्ते में मौत हो गई। घटना मंगलवार को होली के दिन शाम साढ़े पांच बजे की बताई गई। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रिछरा निवासी शैलेंद्र सिंह(20) पुत्र जगदीश रावत मंगलवार शाम ग्राम डोंगरपुर में शादी समारोह में खाना खाने जा रहा था। वह जैसे ही ग्राम गढ़ी में टेकरी मंदिर के पास पहुंचा तभी सामने से आ रहे सोनालिका ट्रैक्टर के चालक बल्ली पुत्र प्राण सिंह रावत निवासी गढ़ी ने शैलेंद्र की बाइक क्रमांक एमपी 32 एमएफ 7465 में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शैलेंद्र बाइक से उछलकर झाड़ियों में जा गिरा और सिर फटने से मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि बाइक पर पीछे बैठा अजय सिंह गंभीर घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। लेकिन हालत नाजुक होने पर वहां से झांसी रैफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही अजय सिंह की भी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक शैलेंद्र के दादा नारायण सिंह रावत की रिपोर्ट पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। मरने वाले शैलेंद्र रावत की 15 दिन पहले ही 25 फरवरी को शादी हुई थी।