- Hindi News
- National
- Datia News Mp News Case Filed Against 2 School Operators Who Deprived 37 Children Of Examination
37 बच्चों को परीक्षा से वंचित रखने वाले 2 स्कूल संचालकों पर केस दर्ज
खेरापति व मनुबाई स्कूल के संचालकों के आपसी मतभेद के कारण 37 बच्चे नहीं दे पाए थे परीक्षा
कक्षा 12वीं के 37 बच्चों को बोर्ड परीक्षा से वंचित करने में अहम भूमिका निभाने वाले महारानी मनुबाई उमा विद्यालय और खेरापति स्कूल के संचालकों पर इंदरगढ़ पुलिस ने शनिवार रात 11 बजे धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। दोनों स्कूल संचालक फरार हो गए हैं।
इंदरगढ़ के महारानी मनुबाई स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा 12 वीं के 37 बच्चे पूरी फीस जमा करने के बाद भी दो स्कूलों के आपसी मतभेद के कारण बोर्ड परीक्षा देने से वंचित रह गए। बच्चे महारानी मनुबाई स्कूल में पढ़ते थे जबकि इनके फार्म खेरापति पब्लिक स्कूल से भरवाए गए, लेकिन खेरापति स्कूल संचालक ने फार्म भरे ही नहीं। दो मार्च को 12वीं का पहला पेपर था। मनुबाई स्कूल में प्रवेश पत्र लेने पहुंच गए लेकिन वहां न तो प्रवेश पत्र मिले और न ही स्कूल संचालक। आखिरकार 37 बच्चे परीक्षा से वंचित रह गए। इंदरगढ़ पुलिस ने कक्षा 12वीं के छात्र उमेश पुत्र हरिओम प्रजापति निवासी जौनिया की रिपोर्ट पर महारानी मनुबाई स्कूल संचालक श्यामसुंदर पुजारी और खेरापति पब्लिक स्कूल संचालक रविंद्र भदौरिया के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।