- Hindi News
- National
- Datia News Mp News If The Government Changes In The State The Possibility Of Datia Becoming A Municipal Corporation Ring Road Work Will Start
प्रदेश में सरकार बदली तो दतिया के नगर निगम बनने की संभावना, रिंग रोड का काम शुरू होगा
रिंग रोड का काम फिर हो सकेगा शुरू, अब दिखने लगेगी दतिया उत्सव की धूम
पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस से 18 साल पुराना रिश्ता तोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। एेसे में अब प्रदेश की कमलनाथ सरकार भी संकट में अा गई है।
यह प्रदेश में तख्तापलट होता है और भाजपा की सरकार बनती है तो दतिया में डेढ़ साल साल से थमा विकास एक बार फिर गति पकड़ेगा। रुकी हुए काम फिर शुरू हो जाएंगे। इसके साथ ही शिवराज सरकार ने दतिया को नगर निगम बनाने की घोषणा की थी। कांग्रेस सरकार ने इस फैसले को पलट दिया। सरकार बदलने पर फिर दतिया नगर निगम बन सकता है। साथ ही सीवर प्रोजेक्ट भी चालू हो सकता है।
साल 2008 के बाद दतिया में तेजी से विकास हुआ। इन 10 साल में दतिया को मेडिकल कॉलेज, ओवरब्रिज जैसी सौगातें मिली। वर्ष 2018 में कांग्रेस सरकार आते ही विकास की रफ्तार थम गई। इस डेढ़ साल में बड़े काम तो छोड़िए, छोटे कामों के भूमिपूजन या लोकार्पण भी नहीं हुए। प्रदेश में सत्ता पलट की संभावना के बीच लोगों को लग रहा है कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो दतिया में विकास फिर रफ्तार पकड़ेगा। कारण अगर भाजपा सरकार बनती है तो दतिया विधायक डॉ. नरोत्तम मिश्रा को सरकार में फिर महत्वपूर्ण पद मिल सकता है।
शहर में रुके और धीमे पड़े इन प्रोजेक्टों को मिलेगी गति
नपा बन सकती है नगर निगम: प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार ने अपनी अंतिम कैबिनेट की बैठक में दतिया को नगर निगम बनाने की हरी झंडी दे दी थी। कांग्रेस सरकार ने इस प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। अगर तख्ता पटल हुआ तो निकाय चुनाव से पहले दतिया को निगम का दर्जा मिल सकता है। इससे न केवल शहर विकास के लिए मिलने वाली राशि बढ़ेगी। शहर की सीमाएं भी बढ़ेगी।
पूर्व विधायक भारती बोले- दुर्भाग्य पूर्ण जिलाध्यक्ष ने कहा- जिले में कोई फर्क नहीं पड़ेगा
ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस पार्टी के बड़े नेता थे। उनका पार्टी से जाना दुर्भाग्य पूर्ण है। यह कहना है पूर्व विधायक अौर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र भारती का। वहीं दूसरी ओर ज्योतिरादित्य के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नाहर सिंह यादव कहते हैं कि सिंधिया के भाजपा में जाने से जिले की राजनीति में कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उनका जिले में कोई प्रभाव नहीं है। यादव कहते हैं कि सिंधिया के जाने से जिले में विस व निकाय टिकटों को लेकर होने वाली खींचतान भी बंद हो जाएगी।
राजगढ़ पैलेस पांच सितारा होटल में हो सकता है तब्दील: भाजपा शासन में श्री पीतांबरा पीठ के सामने राजगढ़ पैसेल को देश के नामी होटल ग्रुप 1589 ब्रिज ( क्लास) ग्रुप ने इसे मप्र पर्यटन विभाग से 99 साल की लीज पर ले लिया है। 27 सितंबर 2018 को इसका भूमिपूजन भी कर दिया गया था लेकिन कांग्रेस सरकार आने के बाद यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
फिर शुरू हो सकेगा दतिया उत्सव: भाजपा शासन में दतिया, सेंवढ़ा और भांडेर में प्रदेश के संस्कृति विभाग ने उत्सवों की शुरुआत कर दी थी। दतिया में फाग व दतिया उत्सव मनाया जाता था, वहीं सेंवढ़ा, भांडेर व उनाव में कस्बों के नाम से उत्सव होता था। कांग्रेस सरकार आते ही यह उत्सव थम गए। सत्ता परिवर्तन के बाद दतिया में उत्सवों की शुरुआत हो सकती है।
पत्रकारिता परिसर भी रुकेगा: साल 2018 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल का पत्रकारिता परिसर दतिया में शुरू किया गया था। इसमें पहली साल में ही 13 विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया था। कांग्रेस सरकार ने नए सत्र के प्रवेश के पहले इसे बंद करने की घोषणा कर दी जिससे पत्रकारिता की पढ़ाई करने वाले छात्रों के सामने संकट पैदा हो गया। भाजपा शासन आने पर यह परिसर अभी भी दतिया में रुक सकता है।
फिर शुरू हो जाएगा रिंग रोड का काम: विधानसभा चुनाव 2018 की आचार संहिता लगते ही रिंग रोड का काम बंद हो गया था। कांग्रेस की सरकार आ जाने के बाद कांग्रेसियों ने इसके निर्माण पर कोई रुचि नहीं दिखाई। उल्टा इसमें भ्रष्टाचार की शिकायतें करके हो रहे निर्माण को रुकवा दिया। अगर सत्ता भाजपा के हाथों में आ जाती है तो रिंग रोड का अधूरा निर्माण पूरा हो जाएगा। लोगों को ट्रैफिक में राहत मिलेगी।