पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

लाल गोपाल गुलाल हमारी आंखन में जिन डारो जु...

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

श्री बिहारी जी मंदिर में भजन संध्या के साथ फाग महोत्सव सम्पन्न

होरी हो बृजराज दुलारे, लाल गोपाल गुलाल हमारी आंखन में जिन डारो जु, मृगनयनी को यार नवल रसिया, खातिर कर ले नई गुजरिया...मेरी चुनरी में पर गयो दाग री, मेरा मुरशिद खेले होली...। यह फाग संगीत गीत गुरुवार रात शहर के ठाकुर श्री बिहारी जी मंदिर में फाग महोत्सव के दौरान गायक पंडित नीरज नयन शास्त्री ने प्रस्तुत किए। भजन संगीत के स्वरों पर श्रद्धालु रंग गुलाल उड़ाकर भक्ति के संगीत में डूबकर राधाकृष्ण के गीतों में झूम रहे थे। वातावरण ऐसा था जैसे साक्षात वृन्दावन में गोपिकाएं भगवान के साथ होली के रंगों में सरोवर हो रही हैं।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शहर के बीचों-बीच स्थित ठाकुर श्री बिहारी जी मंदिर पर फाग महोत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर सुप्रसिद्ध भजन गायक पं नीरज नयन शास्त्री द्वारा एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। उनके साथ संगत पर मनोज शुक्ला, पवन गोस्वामी, विजय सेठ, शिवम गोस्वामी, विशाल पाठक रहे। उल्लेखनीय है कि मिनी वृंदावन धाम कही जाने वाली दतिया नगरी में होली पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाने की परंपरा रही है। इसी क्रम में शहर के ठाकुर श्री बिहारी मंदिर पर शाम के समय फाग महोत्सव का आयोजन हुआ। इस दौरान ठाकुर जी का फूल-गुलाल के साथ भव्य श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर संगीतमय ब्रज गीतों तथा पारंपरिक होली के भजनों की प्रस्तुति दी। ब्रज गीत के आनंद में उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया और भजनों को सुन श्रद्धालुजन झूमने पर मजबूर हो उठे। गायक शास्त्री ने होरी खेल रहे बांके विहारी आज रंग बरस रहा आदि ब्रिज गीतों की प्रस्तुति दी। भजनों की धुन पर सभी श्रोतागण मंत्रमुग्ध हो गए और रंग गुलाल से भीगे समस्त श्रद्धालुओं ने झूम-झूमकर नृत्य किया।

बिहारी जी मंदिर पर भजन संध्या में भजनों की प्रस्तुति देते गायक शास्त्री, साथ में राधाकृष्ण की प्रतिभा।
खबरें और भी हैं...