कुटोली की बदहाल रोड से लोग परेशान
मुन्ना महाराज जी कुटी पर पहुंचने वाले लोगों को हो रही परेशानी
उनाव के झांसी मार्ग पर आदिवासी डेरा कुटोली से मुन्ना महाराज की कुटी को निकली सड़क इन दिनों बदतर है। दिन रात निकलने वाले ट्रैक्टरों से सड़क में गड्ढे ही गड्ढे हो गए हैं। जिससे आदिवासी डेरा कुटोली के बाशिंदों को परेशान होना पड़ रहा है। इसी सड़क के आसपास पसरी गंदगी से भी यहां के रहवासियों को मच्छर व अन्य कीट पनपने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उनाव बालाजी में दक्षिण दिशा की ओर निकले झांसी मार्ग पर कुटोली आदिवासी डेरा स्थित है। यह आदिवासी डेरा उनाव ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर एक में आता है। वार्डवासियों की सुविधा की दृष्टि से उनाव ग्राम पंचायत द्वारा खजराट मोहल्ला स्थित काली माता मंदिर व नई बस्ती की ओर दो सड़कों का निर्माण करवाया था। जिससे डेरा में निवास कर रहे लोगों को मुख्य बसस्टैंड आने में सुविधा हो गई। लेकिन डेरा से मुन्ना महाराज की कुटी की ओर गुजरे मार्ग पर अभी भी सीसी सड़क व नालियों के बनने का इंतजार है। स्थानीय कैलाश आदिवासी का कहना है कि बस्ती का एक हिस्सा इस सड़क पर भी निवास करता है। लेकिन यहां पूर्व में बनी खंडाें की सड़क ट्रैक्टरों की बेतरतीब आवाजाही से उखड़ गई है। जिससे लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। फिर भी जिम्मेदार लोगों द्वारा इस सड़क निर्माण की दिशा में कोई ध्यान नही दिया जा रहा है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में सरपंच लक्ष्मण सिंह यादव का कहना है कि आदिवासी समुदाय की मांग को दृष्टिगत रखते हुए आबादी क्षेत्र में उखड़ी सड़क पर सीसी व नालियों का निर्माण आबादी वाले क्षेत्र में करवाने का प्रयास करूंगा। शीघ्रता से इस दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
बदहाल सड़क पर भरा पानी।