- Hindi News
- National
- Datia News Mp News Women Are Present In Every Region Of The World But India Still Needs Further Improvement Dfo
महिला दुनिया के हर क्षेत्र में मौजूद, पर भारत में अभी और सुधार की जरूरत: डीएफओ
महिला दिवस पर हुए कार्यक्रम, महिलाओं का किया सम्मान
महिलाएं दुनिया के हर क्षेत्र में मौजूद हैं पर विशेष कर भारत में अभी और सुधार की जरूरत है। अपनी बहू बेटियों को प्रेरित करें और उन्हें एक नजर से देखें। कभी अपनी बेटी को फोर्स ना करें कि वो आगे क्या करे उन्हें खुद आगे बढ़ने का मौका दें। महिलाएं अपने खुद के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। पहले हम अपना खुद का सम्मान करना सीखें इसके बाद दुनिया हमारा सम्मान करेगी। यह बात रविवार को अंतर राष्ट्रीय महिला दिवस पर रामजी मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में जिला वनमंडलाधिकारी प्रियांशी सिंह राठौर ने बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि इन दिनों कोरोना वाइरस ने पूरी दुनिया में तबाही मचा दी है। महिलाओं को चाहिए कि वे अपने बच्चों की अच्छी तरह से देखभाल करें। इन्हें इंफेक्शन से बचाएं। बच्चे जब बाहर से खेलकर घर में आए तो हाथ धुलाएं। जरा सी सर्दी, जुकाम, खांसी हो तो अस्पताल में चेकअप कराएं। रोटरी क्लब द्वारा आयोजित कार्यक्रम में रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब जिलाध्यक्ष पंकज जड़िया एवं विशिष्ट अतिथि के तौर पर एडीजे ज्योति राजपूत एवं एसडीओपी गीता भारद्वाज मौजूद रहीं। कार्यक्रम संयोजक संघर्ष यादव ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कविता समाधिया एवं साइना कुरैशी द्वारा किया गया। इस दौरान रामजी शरण राय, कृष्णा कुशवाहा, संतोष उपाध्याय, जितेंद्र सविता सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
महिला दिवस कोरोना वायरस से बचाव के लिए डीएफओ के हाथ धुलवाते रोटरी क्लब सदस्य।
यहां भी हुए कार्यक्रम...
अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर नर्सिंग कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां मुख्य अतिथि के तौर पर कलेक्टर रोहित सिंह एवं विशिष्ट अतिथि के तौर एसपी अमन सिंह राठौर एवं डीएफओ प्रियांशी सिंह राठौर मौजूद रहीं। इस दौरान कलेक्टर सिंह ने कहा कि महिलाएं वर्तमान युग में पुरुषों से किसी भी तरह और किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। धरती से लेकर आसमान में तक उड़ान भर रही हैं। कार्यक्रम में डाॅ. हेमंत गौतम, पूर्व नपा अध्यक्ष कृष्णा कुशवाहा आदि मौजूद रहे। वहीं जन शिक्षण संस्थान में महिला दिवस का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर संस्थान के अध्यक्ष महेश कुमार एवं विशिष्ट अतिथि रश्मि गुप्ता और सीमा सिजरिया मौजूद रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती का माल्यापर्ण कर किया गया। अध्यक्ष शर्मा ने बताया कि जिस घर में औरत का सम्मान होता है उस घर में सुख शांति का आगमन होता है। भागवान की कृपा हम पर बनी रहती है। इस दौरान ब्यूटी कल्चर एण्ड हैल्थ केयर, कम्प्यूटर एप्लीकेशन, ड्रेस मेकिंग डिजाइनिंग एण्ड हैण्ड के प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में सीमा सेन, अनिता कोरी, सुधा शर्मा, संध्या प्रजापति, सीमा कुशवाहा का सम्मान कराया गया।