सामूहिक नकल मामले में 4 शिक्षक सस्पेंड
एडवांस एकेडमी में एसडीएम ने 7 मार्च को 10वीं बोर्ड की परीक्षा के दौरान किया था निरीक्षण
कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान एसडीएम अंकिता जैन ने नगर के अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र एडवांस एकेडमी का निरीक्षण किया था। यहां उन्होंने बड़ी मात्रा में नकल सामग्री पाई थी, जिसका पंचनामा बनाते हुए दोषी शिक्षकों के विरुद्ध प्रतिवेदन बनाकर कलेक्टर व डीईओ को भेजा था। जांच के बाद कलेक्टर ने चार शिक्षकाें काे निलंबित किया है। इधर, पूर्व पार्षद अारिफ खान की जगह अन्य युवक द्वारा परीक्षा देने के मामले में नाै दिन बाद भी एफअाईअार नहीं हुई है।
दरअसल, 7 मार्च को 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान अतिसंवेदनशील केंद्र एडवांस एकेडमी का एसडीएम जैन ने निरीक्षण किया था। यहां वे करीब डेढ़ घंटे तक रुकी। उन्होंने भागमभाग करते हुए दाे पॉलीथिन में परीक्षा से संबंधित नकल सामग्री जब्त की थी। साथ ही यहां 8 अनाधिकृत लोग, जो कि परिसर में ही घूम रहे थे ये अतिथि शिक्षक हैं। इसके बाद यहां उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को फटकार लगाई थी।
पूर्व पार्षद की जगह अन्य युवक के परीक्षा देने के मामले में दर्ज नहीं हुई रिपोर्ट
एसडीएम ने नकल सामग्री व अन्य मामले में पंचनामा बनाते हुए कलेक्टर व डीईओ को प्रतिवेदन भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। प्रतिवेदन में उल्लेख किया था कि प्रावि बावई के सहायक शिक्षक पुष्पेंद्रसिंह तोमर, मावि अगेरा के सहायक शिक्षक गोकुलचंद्र करवाड़िया, मावि क्र. 1 साेनकच्छ के सहायक अध्यापक सादिक खां पठान व प्रावि अगेरा के सहायक शिक्षक पूरणलाल सोलंकी के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही अाठ अन्य अतिथि शिक्षकों पर भी कार्रवाई की मांग की थी। इस पर कलेक्टर श्रीकांत पांडेय ने जांच करते हुए चाराें शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। उधर, 3 मार्च को पूर्व पार्षद आरिफ खान के स्थान पर अन्य युवक के परीक्षा देते पकड़े जाने व भागने के मामले में शिक्षा विभाग द्वारा कोई भी एफआईआर नाै दिन बाद भी दर्ज नहीं कराई गई है, जो कि सवालों के घेरे में है। कलेक्टर ने इस मामले में कहा था कि मेरे पास फाइल आ जाने दो, कार्रवाई की जाएगी। नाै दिन बाद भी कार्रवाई नहीं हाेना प्रशासनिक कार्यशैली पर भी सवाल खड़े करता है।