- Hindi News
- National
- Bagli News Mp News Iklera Went To Bagli To Celebrate 10 Friends Party At Hailey
इकलेरा बागली से हाेली पर 10 दाेस्त पार्टी मनाने गए थे, कनाड़ नदी में नहाते समय डूबने से एक की माैत
हाेली पर अपने दाेस्ताें के साथ पार्टी मनाने गए युवक की नदी में नहाते समय डूबने से माैत हाे गई। उदयनगर पुलिस के अनुसार मृतक का नाम मोहन पिता सूरजमल पाटीदार (33) निवासी गांव नयापुरा बागली है।
मंगलवार काे हाेली के दिन इकलेरा बागली से चार बाइक से विष्णु के साथ मोहन पाटीदार, संजय पाटीदार, अर्जुन पटीदार, कांतिलाल पाटीदार, गणेश पाटीदार, जितेंद्र पाटीदार, राकेश पाटीदार, संजय पाटीदार एवं पंकज पाटीदार दाेपहर 12 बजे निकले। सभी दाेस्त थे अाैर विष्णु के मामाजी के खेत पोलाखाल पर पार्टी मनाने गए थे। पार्टी से पहले सभी दोस्त देवास-खरगोन जिले की सीमा पर रातागढ़ की कनाड़ नदी (तिरानिया) में दोपहर 2.30 बजे नहाने पहुंचे। नदी के पानी में सभी मजे से नहा रहे थे। मोहन को तैरना आता था। शाम करीब 4 बजे देखा कि सभी ने नहाने के लिए शैंपू ले लिए थे, लेकिन एक शैंपू बच गया, जिस पर देखा कि हमारे बीच मोहन पाटीदार नहीं है। जब उसे इधर-उधर तलाशा व नदी में भी ढूंढा, लेकिन नहीं मिला। हंड्रेड डायल पर सूचना दी। तिरानिया गांव से तैराक अाए। शाम करीब 6 बजे गहरे पानी से मोहन का शव मिला। तब तक खरगोन पुलिस भी आ चुकी थी।
उदयनगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ पीएम
पुलिस के सामने मोहन के शव को पानी से निकाला गया, वहीं देवास जिले की उदयनगर थाने की सीमा लगती है, जिस पर शव उदयनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोस्टमार्टम के लिए लाए। रात होने के कारण शव का पीएम बुधवार सुबह मेडिकल आॅफिसर डॉ. अमित नागर ने किया। डाॅ. नागर ने बताया कि मौत पानी में डूबने से हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। उदयनगर टीआई पंकज द्विवेदी ने बताया कि मर्ग कायम किया है। पार्टी के लिए यहां आए सभी दोस्तों से पूछताछ कर जांच शुरू की है।
मृतक मोहन पाटीदार।