- Hindi News
- National
- Dhar News Mp News Ipl Can Be Canceled If The Situation Does Not Improve In 2 To 3 Weeks
2 से 3 हफ्ते में स्थिति नहीं सुधरी तो आईपीएल रद्द हो सकता है
पंजाब के सह मालिक नेस वाडिया ने कहा- लोगों की सेहत प्राथमिकता
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक शनिवार को मुंबई में हुई। इसमें कोरोनावायरस के कारण टूर्नामेंट के भविष्य का लेकर चर्चा हुई। लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका। अभी दो-तीन हफ्ते का और इंतजार किया जाएगा। यदि चीजें सुधरी तो नए शेड्यूल पर चर्चा होगी। नहीं तो टूर्नामेंट द्द भी किया जा सकता है। टूर्नामेंट 29 मार्च से शुरू होना था। लेकिन इसे 15 अप्रैल तक स्थगित कर दिया गया है। 90 मिनट तक चली बैठक में अध्यक्ष सौरव गांगुली, सचिव जय शाह सहित विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों के प्रतिनिधि शामिल हुए। किंग्स इलेवन पंजाब के सह-मालिक नेस वाडिया ने बैठक के बाद कहा, ‘लोगों की सेहत पहली प्राथमिकता है। पैसों की कोई बात नहीं है। मैं इसके लिए भी तैयार हूं कि अगर स्थिति नहीं सुधरी तो टूर्नामेंट रद्द कर दिया जाए।’ बैठक में लीग के आयोजन के कई पहलूओं पर चर्चा हुई लेकिन सभी अभी मौजूदा स्थिति के सुधार का इंतजार कर रहे हैं। वाडिया ने कहा कि बैठक में प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई। बीसीसीआई, फ्रेंचाइजी और स्टार कोई फायदे के बारे में नहीं सोच रहा। सेहत पहली प्राथमिकता है। दूसरी हम सरकार की ओर से मिले निर्देश का पालन करेंगे अौर तीसरा कोई नहीं बता सकता है कि लीग कब शुरू होगी। दो से तीन हफ्ते बाद हम रिव्यू करेंगे।
इन ऑप्शन पर भी चर्चा
1. आईपीएल को छोटा कर दिया जाए।
2. चार-चार टीमों को दाे ग्रुप में बांटा जाए। दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीम के बीच प्लेऑफ।
3. डबल हेडर (एक दिन में दो मैच) की संख्या को बढ़ाया जाए। कम दिन में हो जाएगा इवेंट।
4. सभी मुकाबले कुछ ही मैदान पर कराए जाएं। इसके खिलाड़ियों, स्टाफ मेंबर और क्रू सदस्यों को अधिक टूर नहीं करना पड़ेगा।
5. सभी 60 मैच बिना दर्शकों के कराए जाएं। ताकि आयोजकों को अधिक नुकसान ना हो।
वाडिया ने कहा, री-शेड्यूल पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता
कोहली ने कहा- मजबूत रहें और लड़ें: कप्तान विराट कोहली ने सोशल साइट पर लिखा, ‘एहतियातन उपाय कर मजबूती से कोरोना वायरस से लड़ें। सुरक्षित रहें, सतर्क रहें। और यह याद रखें कि इलाज से बेहतर है रोकथाम। आप सभी ख्याल रखें।’
री-शेड्यूल पर नेस वाडिया ने कहा कि इस पर कुछ नहीं कहा जा सकता। अभी इस बारे में बात करने की स्थिति नहीं है। विदेशी खिलाड़ियों के आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि 15 अप्रैल तक बैन है। इसके बाद देखते हैं। टूर्नामेंट होता है तो अच्छा नहीं तो कोई बात नहीं। कोलकाता नाइटराइडर्स के मालिक व बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान ने कहा कि मैदान के बाहर बैठक अच्छी रही। खिलाड़ी, दर्शक, मैनेजमेंट और वेन्यू की सुरक्षा जरूरी है। सरकार और स्वास्थ्य मंत्रालय के सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा। उम्मीद है मरीजों की संख्या में गिरावट होगी।
लीग हुई तो इसे छोटा किया जा सकता है: गांगुली
बैठक के बाद बोर्ड अध्यक्ष साैरव गांगुली ने कहा कि यदि आईपीएल के 13वें सीजन का आयोजन संभव हुआ तो इसे छोटा किया जाएगा। 15 अप्रैल में अभी समय है। यदि स्थिति में सुधार होता है तो आयोजन हो सकता है। लेकिन इसे कितना छोटा किया जाएगा इस पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।