- Hindi News
- National
- Dhar News Mp News Keep A Distance Of 3 Feet From The Patient Who Has Cough
जिस मरीज काे खांसी है उससे 3 फीट की दूरी बनाकर रखें
कोरोना वायरस को लेकर रोटरी क्लब धार ने शनिवार से जन जागृति अभियान का शुभारंभ किया। संगोष्ठी में नगर के डॉ. एसएस पवार, डॉ. सुधीर मोदी एवं डाॅ. अनिल गंगवाल शामिल हुए। संगोष्ठी के प्रारंभ में स्वागत रोटरी क्लब अध्यक्ष बृजेश अग्रवाल ने किया। डाॅ. पवार ने उद्बोधन में बताया किस प्रकार कोरोना वायरस समाज में अपनी गलती से फैलता है। हमें सिर्फ समझने की जरूरत है। इससे बचने के लिए आप नियमित रूप से अपने हाथ साबुन और पानी से अच्छे से धोएं। जब संक्रमित कोई व्यक्ति खांसता या छींकता है तो उसके थूक के बेहद बारीक कण हवा में फैलते हैं। संक्रमित व्यक्ति के नजदीक जाने पर ये विषाणुयुक्त कण सांस के रास्ते आपके शरीर में प्रवेश कर सकते हैं।
डॉ. मोदी ने बताया यूनिसेफ की गाइडलाइन के अनुसार किन बिंदुओं पर ध्यान देना है इसके लिए यूनिसेफ की गाइडलाइन का वाचन किया। डाॅ. गंगवाल ने कहा हमें अपने संक्रमित हाथों से शरीर के अंगों को नहीं छूना चाहिए। विशेषकर नाक, मुंह को। इससे भी हम कोरोना वायरस से बच सकते है। साथ ही भीड़ भाड़ वाले इलाकों से जाने से बचें। जो मरीज खांसी करता है उससे 3 फीट की दूरी बनाकर रखे। हाथ को बार-बार धोना चाहिए। कपड़ों को धूप में सुखाएं। आसपास अगर कोई व्यक्ति विदेश से आया हो और उसे खांसी हो तो उसे 14 दिन तक निगरानी में रखे। मास्क का प्रयोग सामान्य जनता को उतना आवश्यक नहीं जितना कि खासी करने वाले मरीज को आवश्यक है। संगोष्ठी समापन पर क्लब के धर्मेश अग्रवाल ने आभार माना।
धार. राेटरी क्लब द्वारा अायाेजित संगाेष्ठी काे संबाेधित करते डाॅक्टर।