- Hindi News
- National
- Badnawar News Mp News Phone Of 6 Ministers 12 Mlas Of Scindia Faction Closed Bengaluru Shifted
सिंधिया गुट के 6 मंत्रियों, 12 विधायकों के फोन बंद, बेंगलुरू शिफ्ट किया गया
प्रदेश में पिछले छह दिनों से चल रही सियासी उठापटक के बीच सोमवार को कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया से जुड़े पांच मंत्रियों गोविंद सिंह राजपूत, महेंद्र सिंह सिसोदिया, तुलसी सिलावट, इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर व प्रभुराम चौधरी और 12 विधायकों के फोन बंद हो गए। इन सभी को दिल्ली से चार्टर्ड विमान से बेंगलुुरू ले जाया गया है। दोपहर में दिल्ली में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक हालतों की जानकारी दी, जिसमें प्रमुख रूप से मप्र से खाली हो रही दो राज्यसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम, नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा की।
सिंधिया गुट के मंत्रियों के साथ विधायकों राजवर्द्धन सिंह दत्तीगांव (बदनावर) मुन्नालाल गोयल (ग्वालियर पूर्व), ओपीएस भदौरिया (मेहगांव), रणवीर जाटव (गोहद), गिर्राज दंडोतिया (दिमनी), कमलेश जाटव (अंबाह), रक्षा संतराम सरौनिया (भांडेर), जसवंत जाटव (करेरा), सुरेश धाकड़ (पोहरी), जजपाल सिंह जज्जी (अशोकनगर), बृजेंद्र सिंह यादव (मुंगावली) और बीते सप्ताहभर से बेंगलुरू में जमे विधायक रघुराज सिंह कंसाना (मुरैना) के फोन भी बंद हैं। मंत्रियों के पास न तो सरकारी वाहन है और न ही सरकार से मिले पीएसओ हैं, उनके दफ्तरों से जब संपर्क किया गया तो स्टाफ से मंत्रियों की लोकेशन न बताने को कहा गया है। इस सबके बीच भाजपा ने अपने सभी विधायकों को भोपाल बुला लिया है।
शेरा ने कहा- गृह मंत्री बनना चाहता हूं, वो पीएम बनने की मांग कर सकते हैं : गोविंद
निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा गृह मंत्री बनना चाहते हैं। उन्होंने मीडिया से कहा कि मुख्यमंत्री चॉइस पूछेंगे तो उनसे गृह मंत्रालय मांगूगा। इस पर गृहमंत्री बाला बच्चन ने कहा कि शेरा भाई मेरे अच्छे मित्र हैं, मैं उनका नाम रिकमंड कर दूंगा। वैसे ये अधिकार मुख्यमंत्री का है। इधर, सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि वे तो पीएम बनने की मांग भी कर सकते हैं।
दिल्ली से भोपाल तक सियासी उठापटक... सोनिया गांधी से मिलकर भोपाल लौटे मुख्यमंत्री, कैबिनेट बैठक बुलाई, दिल्ली में सिंधिया-मोदी मुलाकात की अटकलें
भोपाल में सीएम हाउस की ओर जाते दिग्विजय सिंह।
दिल्ली में अपने निवास पर ज्योतिरादित्य सिंधिया।
इधर, प्रदेश में घटे इस सियासी घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ तीन दिन का दिल्ली दौरा बीच में रद्द कर शाम को भोपाल लौट आए हैं। नाथ के साथ सांसद विवेक तन्खा भी भोपाल आए हैं। मुख्यमंत्री स्टेट हैंगर से सीधे सीएम हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, संसदीय कार्यमंत्री डाॅ. गोविंद सिंह, जल संसाधन मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा, पर्यटन मंत्री सुरेंद्र सिंह हनी बघेल, वित्त मंत्री तरुण भनोत एवं अन्य मंत्रियों से प्रदेश के राजनीतिक हालातों को लेकर चर्चा की। सीएम ने मुख्य सचिव एसआर मोहंती और कार्यवाहक डीजीपी राजेंद्र कुमार से भी चर्चा की है।
सुरेंद्र सिंह शेरा
भोपाल एयरपोर्ट के एयर ट्रेफिक कंट्रोल (एटीसी) सेक्शन में प्रदेश की इंटेलीजेंस के अफसर तैनात कर दिए गए हैं। वे यहां से सभी गतिविधियों पर नजर रखे हैं। हर आने-जाने वाली और यहां के आसमान से गुजरने वाली फ्लाइट की जानकारी ले रहे हैं।
एटीसी में इंटेलीजेंस के अफसर
वीडी, भगत और विधायक पाठक के बीच लंबी चर्चा
सियासी हलचल के एक किरदार भाजपा विधायक संजय पाठक सोमवार को काफी देर तक प्रदेश कार्यालय में मौजूद रहे। यहां उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत के साथ लंबी चर्चा की। गौरतलब है कि ऑपरेशन लोटस में पाठक का नाम भी सामने आया था।
16 से विस सत्र, भाजपा ला सकती है अविश्वास प्रस्ताव
भाजपा ने अपने सभी विधायकों को मंगलवार को भोपाल बुला लिया है। यहां भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने सभी विधायकों को आवश्यक रूप से इसमें उपस्थित रहने के लिए कहा है। विधानसभा के 16 मार्च से शुरू हो रहे सत्र में भाजपा अविश्वास प्रस्ताव भी ला सकती है।