- Hindi News
- National
- Dhar News Mp News The Situation In The State Is Worse It Is Difficult To Criticize Inside Scindia
प्रदेश के हालात बदतर, अंदर रहकर आलोचना करना मुश्किल : सिंधिया
शिवराज से बोले- आप और हम एक हैं, दोनों मिल जाए ताे 11 होंगे
भाजपा में शामिल होने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार को भोपाल के पार्टी कार्यालय पहुंचे जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सिंधिया कांग्रेस पर जमकर गरजे। ज्योतिरादित्य ने कहा- प्रदेश में जो हालात हैं उनका जिक्र नहीं करूंगा मैं इतना ही कहूंगा कि आपने तो बाहर से देखा है लेकिन अंदर रहकर आलोचना करना बहुत मुश्किल है।
कांग्रेस से बगावत का जिक्र करते हुए ज्योतिरादित्य ने कहा, ‘यह सिंधिया परिवार का खून है, जो सही है वही बोलता है। मैंने अतिथि विद्वानों की बात उठाई, मंदसौर में किसानों के ऊपर केस वापस लेने की बात उठाई। मैंने कहा कि अगर इनके मुद्दे पूरे नहीं हुए तो मुझे सड़क पर उतरना होगा तो मुझे कहा गया उतर जाओ। लेकिन जब सिंधिया परिवाार को ललकारा जाता है तो सिंधिया परिवार चुप नहीं रहता।’ पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान की तारीफ करते हुए सिंधिया बोले, ‘अगर प्रदेश में दो नेता हैं जो शायद अपनी कार में एसी न चलाएं वो केवल शिवराज सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं। मेरी आशा है कि आप एक हैं और हम एक हैं, और जब एक और एक मिल जाए तो 2 नहीं 11 होने चाहिए।
राहुल गांधी बोले- उन्हें भाजपा में न इज्जत मिलेगी और न ही संतुष्टि
सिंधिया के भाजपा में जाने पर राहुल गांधी ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया सियासी भविष्य को लेकर डरे हुए थे। वे मेरे मित्र हैं और मैं उनकी विचारधारा को जानता हूं। उन्होंने इसे अपनी जेब में रख लिया और आरएसएस के साथ चले गए। लेकिन, सच्चाई यह है कि वहां पर उन्हें न इज्जत मिलेगी, न ही उन्हें संतुष्टि मिलेगी। मेरी उनसे पुरानी दोस्ती है।
कांग्रेसियों ने सिंधिया के विरोध में नारे लगाए, पोस्टर भी फाड़ा
रोड शो के दौरान जवाहर भवन के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिंधिया के विरोध में नारेबाजी की। इससे पहले, गुरुवार सुबह सीएम हाउस के पास पॉलिटेक्निक चौराहे पर सिंधिया के स्वागत में लगे पोस्टरों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काला रंग डाल दिया और उन्हें फाड़ भी दिया।
एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक 20 किमी रोड शाे
बेंगलुरू में जीतू पटवारी की पुलिस से झड़प, हिरासत में लिए गए
बागी विधायकों से मिलने बेंगलुरू गए मंत्री जीतू पटवारी और लाखन सिंह को कर्नाटक पुलिस ने गुरुवार को हिरासत में ले लिया। बाद में दोनों को पुलिस ने छोड़ दिया। रिसॉर्ट में पटवारी और लाखन की पुलिस अधिकारियों से धक्का-मुक्की हुई थी। पटवारी ने हिरासत से छूटने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि क्या दोस्तों से मिलना गुनाह है?
गुरुवार शाम भोपाल पहुंचे सिंधिया के रोड शो में उनके समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद थे।