- Hindi News
- National
- Aliraj Pur News Mp News Thelagari Who Sit In Mg Road Haat Gali The Vegetablemen Were Seated In The Old District Panchayat Ground And Vegetable Market
एमजी रोड, हाट गली में बैठने वाले ठेलागाड़ी, सब्जीवालों को पुराने जिला पंचायत ग्राउंड व सब्जी मार्केट में बैठाया
शहर में अतिक्रमण की समस्या के कारण जगह-जगह जाम लगता है। कई स्थानों पर हालात ये है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। बीच सड़क तक बैठने वाले सब्जी और ठेलागाड़ी वालों के कारण शहर की यातायात व्यवस्था का भी बुरा हाल है। ऐसे ही हालात शहर के प्रमुख मार्ग एमजी रोड और हाट गली के हैं। शहर को व्यवस्थित करने के लिए भास्कर ने सब्जी और ठेलागाड़ी वालाें के लिए स्थान चयनित कर उन्हें शिफ्ट करने का मुद्दा उठाया था।
नगर पालिका ने अब अभियान शुरू कर दिया है। सड़क पर बैठने वालों को पहले स्वेच्छा से हटने की चेतावनी दी गई। इसके बाद शुक्रवार को नपा का अमला मैदान में उतरा। सड़क पर बैठने वालों को हटाकर पुराना जिला पंचायत ग्राउंड और सब्जी मार्केट में बैठने को कहा गया। नपा के अमले को देख दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें हटाई और तय किए गए स्थान पर गए। बहस करने और नहीं हटने वाले कुछ दुकानदारों का अमले ने सामान भी जब्त किया गया।
एमजी रोड से पांच स्कूलों की बसें आना-जाना करती है। यह बस स्टैंड जाने का भी यह प्रमुख मार्ग है। इस पूरी सड़क के बीच सब्जीवाले और ठेलागाड़ी वालों का कब्जा है। बीच सड़क तक बैठने वालों के कारण यहां जाम लगता है। स्कूल बसें जाम में फंसती हैं। ऐसे में हादसे का अंदेशा बना रहता है। एमजी रोड के व्यापारियों ने कहा कि यदि कोई बड़ा हादसा बच्चों के साथ होता है तो इसका जवाबदार कौन होगा।
सब्जी मार्केट का भी होगा विकास : एमजी रोड के व्यापारियों ने बताया महाराजा सुरेंद्रसिंह ने करीब 40 साल पहले आलीराजपुर नगर पालिका को राजवाड़ा में 20 हजार स्क्वेयर फीट जमीन सब्जी मंडी बनाने के लिए दान में दी थी। नपा ने यहां मंडी के लिए जगह तो बनाई लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। सब्जीवालों को यहां बैठने के लिए जगह नहीं मिलती है। इसलिए पूरे शहर में जगह-जगह सड़कों पर अपनी दुकानें लगाते हैं। नपा इस मार्केट की डीपीआर तैयार कर अब इसे बहुमंजिला बनाने की बात कह रही है।
अभियान जारी रहेगा
संतोष चौहान, सीएमओ, नगर पालिका आलीराजपुर
अालीराजपुर. सड़क पर बैठने वालों काे हटाते हुए नपा का अमला।