कृष्णपुरा के व्यापारियों ने डाली अपनी सेंट्रल लाइन
एमजी रोड को बड़ा गणपति से कृष्णपुरा छत्री तक 60 फीट चौड़ी करने की कार्रवाई नगर निगम जल्द शुरू करेगा। इसके लिए सेंट्रल लाइन डाली जा चुकी है। इसे गलत करार देते हुए बुधवार को व्यापारियों ने खुद नपती करते हुए एक और सेंट्रल लाइन डाल दी।
कृष्णपुरा व्यापारी एसोसिएशन ने निगम द्वारा डाली गई सफेद सेंट्रल लाइन के पास ही अपनी सेंट्रल लाइन पीले रंग से डाल दी। उन्होंने बताया कि बार-बार समझाने के बावजूद निगम अधिकारियों ने इंद्रधनुष की तरह कर्व वाली सेंट्रल लाइन डाली है, जबकि एमजी रोड के इस हिस्से में कोई कर्व नहीं हैं। सामने वाली पट्टी के दुकानदारों को फायदा पहुंचाने के लिए इसे चार फीट गलत ढंग से सरका दिया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि हमारे साथी व्यापारियों में कुछ सिविल इंजीनियर हैं। हमने दुकानों के नक्शों के आधार पर खुद सही सेंट्रल लाइन डाली है। इसके लिए हम चार बार निगमायुक्त से मिलने जा चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अगर यह सेंट्रल लाइन नहीं सुधारी तो हम भूख हड़ताल करेंगे। कोर्ट भी जाएंगे।