- Hindi News
- National
- Badnawar News Mp News Where Do Dittigaon Supporters Go In Confusion Some Said Openly We Will Not Join The Bjp
दत्तीगांव समर्थक असमंजस में किधर जाएं..., कुछ खुलकर बोले- भाजपा में गए ताे हम साथ नहीं देंगे
सिंधिया समर्थक राजवर्धनसिंह के कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद बदनावर की राजनीति गरमाई
ज्योतिरादित्य सिंधिया के कट्टर समर्थक विधायक राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के बाद बदनावर की राजनीति गरमा गई है। उनके समर्थकों को कुछ समझ नहीं आ रहा है कि वे करें तो क्या करें। एक तरफ कुआं है ताे दूसरी तरफ खाई है। कुछ वरिष्ठ नेताओं ने अपनी बात स्पष्ट की है कि व्यक्ति विशेष नहीं पार्टी सर्वोपरि है लेकिन कुछ कांग्रेस के कार्यकर्ता जिनका अस्तित्व ही राजवर्धनसिंह दत्तीगांव से है उनका क्या होगा। यदि वे उनके साथ भाजपा में शामिल होते हैं तो क्या उन्हें वैसा ही सम्मान मिलेगा। यह भी मंथन चल रहा है।
किसी ने कहा संबंध निभाएंगे ताे काेई बाेला पार्टी का सच्चा सिपाही : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रेमसिंह दत्तीगांव के करीबी माने जाने वाले वरिष्ठ अशोक सोनी ने बताया कि मेरे दत्तीगांव परिवार से बरसों पुराना पारिवारिक संबंध है। और मैं इन संबंधों को निभाऊंगा। मैं उनके साथ खड़ा रहूंगा। नगर पालिका अध्यक्ष अभिषेक टल्ला मोदी ने साफ तौर पर कहा कि दत्तीगांव को जहां जाना हो वे जाएं हमें कोई आपत्ति नहीं है। मैं कांग्रेस पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और हमेशा पार्टी के साथ खड़ा रहूंगा। नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटेल ने पार्टी को अपनी मां कहा। हमेशा पार्टी के ही बनकर रहेंगे। कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर जो एक दूसरे के ऊपर आपस में पोस्ट के माध्यम से तीखे प्रहार करते थे क्या वह एक जाजम पर बैठ पाएंगे यह संभव तो नहीं दिख रहा है।
साेशल मीडिया पर कार्यकर्ता बाेले बीजेपी ज्वाइन मत करना
सोशल मीडिया पर दत्तीगांव समर्थक वीडियो के माध्यम से बता रहे हैं आपके जैसा स्वाभिमानी व्यक्ति मैंने बदनावर में नहीं देखा है। आज विश्वास है आप पर, आप जो भी करेंगे वह पूरी विधानसभा के लिए सर्वश्रेष्ठ होगा। आपके साथ मरते दम तक रहेंगे लेकिन आप बीजेपी ज्वाइन मत करना। समर्थक एेसे पोस्ट डालकर भाजपा में जाने मना कर रहे हैं। वहीं देर शाम दिग्विजय सिंह समर्थक जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गौतम एवं पूर्व भाजपा जिला महामंत्री जीपी सिंह के सुपुत्र अभिषेक सिंह टिंकू बना ने ज्योतिरादित्य सिंधिया का पुतला दहन किया।