- Hindi News
- National
- Guna News Mp News Dust Blowing Due To Pits On Janjali Madhusudangarh Road Road Is Uprooted
जंजाली-मधुसूदनगढ़ सड़क पर गड्ढों के कारण उड़ रही धूल, उखड़ गई है सड़क
पेचवर्क और डामरीकरण कार्य के बाद तेज बारिश के बाद फिर जर्जर हो गई सड़क की हालत
जंजाली-मधुसूदनगढ का 37 किलोमीटर सड़क मार्ग पर पर एक बार फिर उखड़ गया है। पिछले 5-6 साल पहले लोक निर्माण महकमे ने केंद्रीय सड़क निधी के 41 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण किया गया था। साथ ही मेंटेनेंस के नाम पर लाखों खर्च हो गए हैं। इसके बाद भी मधुसूदनगढ़-जामनेर क्षेत्र के लोगों को गड्ढे और दचकों के बीच 37 किमी सड़क पर आवागमन करना पड़ता है।
वहीं विभाग द्वारा कई बार इस सड़क के रखरखाव के नाम पर खानापूर्ति की जा चुकी है। पूर्व में भी भास्कर ने इस सड़क की जर्जर हालात और सड़क निर्माण को लेकर खबरों को प्रमुख मुद्दा बनाकर उठाया था। जिस पर सड़क के गड्ढ़ों को भरा गया था। लेकिन अब फिर एक बार सड़क पर गड्ढे और उखड़ी गिट्टी नजर आने लगी है। वहीं लोगों का कहना है कि क्या पता कब इस परेशानी से छुटकारा मिलेगा। यह सड़क केंद्रीय सड़क निधि परियोजना के तहत 41 करोड़, 62 लाख,52 हजार,की लागत से वर्ष 2013 में बनाई गई थी। जो कि 2014-2015 में पूरी तरह उखड़ गई थी। इसके उपरांत विधायकों के ध्यानाकर्षण के बाद विभाग ने इसके पेंचवर्क के नाम पर खानापूर्ति कर अपना पल्ला झाड़ लिया था।
कुछ समय पहले लोक निर्माण विभाग द्वारा विभागीय लेबर से इसका पेंचवर्क कराने के लिए काम भी कराया गया। वहीं पूर्व में भी सड़क को लेकर आंदोलन हुए इसके बाद भी फिर एक बार उक्त सड़क का डामरीकरण कार्य किया गया। जिसके उपरांत तेज बारिश के बाद सड़क फिर जर्जर हो गई थी। पूर्व में विभाग ने सड़क के बहुत ज्यादा क्षतिग्रस्त हिस्सों में डामरीकरण तक कराने का दावा किया था। लेकिन फिर सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है।
मेंटेनेंस के नाम पर इस सड़क पर लाखों खर्च हो गए हैं फिर भी नहीं सुधरे हालात
भोपाल जाने का है नजदीकी रास्ता
गुना से भोपाल बाया ब्यावरा कुल दूरी 214 किमी है, जबकि मधुसूदनगढ़ से महज 180 किमी है। कई वीडियोकोच बसें भी मधुसूदनगढ़ रूट से बैरसिया चौराहा होकर भोपाल पहुंच रही हैं। वहीं एबी रोड जंजाली चौराहा से ब्यावरा 60 किमी है, भारी वाहन मधुसूदनगढ़ तक 40 किमी और मधुसूदनगढ़ से ब्यावरा तक 40 किमी यानी 80 किमी का सफर तय कर पहुंच रहे हैं। इस संबंध में पूर्व में जब मप्र रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन के अधिकारी ने चर्चा के दौरान बताया था की कि रोड में गड्ढे हो गए हैं। सड़क अभी गारंटी पीरियड में है। बारिश के बाद रिपेयरिंग कार्य करवाया जाएगा। लेकिन यह कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है। वहीं सड़क के पुन: निर्माण के लिए भी घोषणा होने के बाद इसका कार्य शुरू नहीं हो सका है।
जंजाली-मधुसूदनगढ़ सड़क पेचवर्क के बाद फिर उखड़ने लगी है, इससे वाहन चालक परेशान हो रहे हैं।