- Hindi News
- National
- Guna News Mp News Farmers Besiege Officers For 7 Hours Officials Assured Compensation
7 घंटे अधिकारियों का किसानों ने किया घेराव, अधिकारियों ने मुआवजे का दिया आश्वासन
बीना से गुना के लिए हो रहा है निर्माण कार्य
टावर निर्माण के दौरान डाली जा रही लाइन से हुए किसानों के नुकसान का मुआवजा न दिए जाने पर रविवार को किसान संघ और किसानों ने हंगामा कर दिया। किसान संघ ने किसानों के साथ मिलकर तूमेन में कंपनी के अधिकारियों का घेराव कर लिया। 7 घंटे किसान संघ के पदाधिकारी कंपनी के अधिकारियों को घेर कर बैठे रहे। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने किसानों को तीन दिन में मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया।
पावर ग्रेड कार्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा टावर का कार्य पीबीजीडीएल प्रोजेक्ट के तहत केसी इंटरनेशनल कंपनी द्वारा किया जा रहा है। इसके लिए कंपनी ने किसानों से किसी तरह की परमिशन भी नहीं ली। कंपनी द्वारा बीना से गुना के लिए टॉवर निर्माण का कार्य किया जा रहा है। इस बीच किसानों के खेतों पर हुए नुकसान के मुआवजे को लेकर किसान संघ के पदाधिकारी अड़ गए और ग्राम जुगया में चल रहे कार्य को रुकवा दिया। इस दौरान नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी पूनम सेलर मौके पर पहुंचे जिन्होंने किसानों को समझाइश दी।
किसानों का विरोध क्यों ?
किसान संघ के जगराम सिंह, हरमीत सिंह, रामकिशन, राजकुमार रघुवंशी ने बताया कि कंपनी ने 20 से 22 खंभे लगा दिए हैं। इस दौरान किसानों की 20 से 30 बीघा फसल को बर्बाद कर दिया है। फसलें खराब हो चुकी है। ऐसे में पहले से मौसम की मार झेल रहे किसानों के सामने संकट बढ़ रहा है। जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं उन किसानों को मुआवजा मिलना चाहिए।