- Hindi News
- National
- Guna News Mp News For The First Time In 5 Years There Will Be No Gare On Rangpanchami The Meeting Of Societies Will Take Place
5 साल में पहली बार रंगपंचमी पर गेर नहीं निकलेगी, समाजों के मिलन समारोह होंगे
कोरोना वायरस के चलते स्थगित किया आयोजन
मालवा अंचल की तर्ज पर बीते करीब 5 साल से शहर में गेर चल समारोह निकालने की परंपरा चल रही थी। इस बार आयोजकों ने इसे न निकालने का फैसला किया है। इसकी वजह कोरोना वायरस का खतरा बताया गया है। हालांकि कई समाज संगठनों के अपने स्तर पर मनाए जाने वाले मिलन समारोह होंगे।
गेर का आयोजन बीते पांच साल के दौरान धूमधाम से होता रहा है। इसका जुलूस पूरे शहर से होकर गुजरता था। रंग उड़ाते हुए सैकड़ों लोग इसमें शामिल होते थे। रंग से भरे टैंकर भी इस जुलूस का हिस्सा होते हैं। पहले नगर पालिका की ओर से शहर में रंगों से भरे कड़ाहे रखे जाते थे। बाजार में लोगों को इन कड़ाहों में डुबाकर सराबोर कर दिया जाता था। बाद में जलसंकट के हालात को देखते हुए नपा ने इस आयोजन को रोक दिया था। कई सालों बाद सार्वजनिक रंगपंचमी उत्सव का आयोजन गेर के माध्यम से फिर शुरू हुआ था। आयोजकों का कहना है कि प्रशासन की ओर से भी सावधानी बरतने की बात सामने आई थी। लोगों को खतरे से दूर रखने के लिए यह कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया।
राजनीतिक मिलन समारोह भी नहीं : कोरोना के साथ प्रदेश की राजनीति चल रही उथल-पुथल का असर भी रंगों के इस त्योहार पर पड़ रहा है। होली की तरह इस बार भी राजनीतिक दलों के बड़े मिलन समारोह होने की खबर नहीं है। कांग्रेस ने रंगपंचमी पर बड़ा मिलन समारोह रखने का सिलसिला कुछ साल से चलाया था। इस बार वह भी होने की संभावना नहीं है। कारण यह है कि इसके ज्यादातर आयोजक सिंधिया गुट के नेता थे। भाजपा के बैनर तले वे ऐसा कोई आयोजन करेंगे, इस बात की फिलहाल तो कोई संभावना नहीं है।