पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Guna News Mp News Holi Played With Saffron Color Natural Flowers And Gulal In The Region Including City On Rangpanchami

रंगपंचमी पर शहर सहित अंचल में केसरिया रंग, प्राकृतिक फूलों व गुलाल से खेली होली

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पड़ोसी जिले अशोकनगर के करीलाधाम में मां जानकी के दर्शन करने पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालु

अंचल एवं शहर में रंग पंचमी पर रंगीन माहौल छाया रहा। शहर में केसरिया बौछार की एवं तोपों से गुलाल के गोले दागे गए। शहर के युवकों की टोलियों ने जमकर रंग बरसाया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुलाल की बौछार करते हुए गेर यात्रा निकाली गई। वहीं अंचल व जिले से करीला जाने वाले वाहनों में ओवरलोडिंग कर सवारियों को ढोया गया।

करीला पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालु : पड़ोसी जिले अशोकनगर के करीलाधाम में मां जानकी के दर्शन करने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी जिसमें जिले भर से लोग पहुंचे। बार-बार चेतावनी के बावजूद भी बस एवं अन्य यात्री वाहनों द्वारा मनमाना किराया वसूल कर ओवर लोडिंग की गई। वहीं हिंदू उत्सव समिति के लोगों ने करीला मेले में द्वारा जल, भंडारे आदि की सेवाएं संभाली गईं। विराट हिन्दू उत्सव समिति, चिंतन मंच, अंतर्राष्ट्रीय पुष्टिमार्गीय वैष्णव परिषद, जनसंवेदना, गीता प्रचारक संघ के तहत रंग पंचमी पर्व पर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। गुना जिले के केदारनाथ, मालपुर, बजरंगगढ़ सहित अन्य स्थानों पर प्राकृतिक रंगों एवं फूलों से होली खेली गई।

हिंदु उत्सव समिति प्रमुख श्री मंथन ने बताया कि इस वर्ष कोरोना वायरस के चलते खासी सावधानी बरती गई। हाथ मिलाने, गले मिलने एवं रंग-गुलाल लगाने के स्थान पर हाथ जोड़कर एवं पुष्पों की पंखुडिय़ां बरसाकर रंग पंचमी मनाई गई। केमिकल रंगों के स्थानों पर टेसू के फूल से बने प्राकृतिक रंगों का प्रयोग कर श्री ठाकुर जी के साथ होली खेलते हुए भक्तगण भक्ति के रंग सराबोर रहे। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में करीब सवा स्थानों पर सत्संग सभाएं, कीर्तन मंडलियों ने फाग के रसियों से समा बांध दिया। वहीं कैंट के युवाओं ने गुलाल से होली खेलकर त्यौहार मनाया।

पंचमी पर निकले कस्बे में विमान : चांचौड़ा|रंगपंचमी के दिन नगर में लोगों ने सुबह से ही एक दूसरे को गुलाल लगा कर होली मनाई। निचला बाजार स्थित रामानंद संत आश्रम पर भक्तों ने संत महाप्रभूदास महाराज और बांकी संतों के साथ रंग गुलाल से होली खेली। वहीं दोपहर बाद नगर में लोगों ने डीजे डोल नगाड़ों के साथ राधाकृष्ण मंदिर से भगवान को विमान मे विराजमान कर पूरे नगर का भ्रमण कराया। इस दौरान लोगों ने विमान पर और उसके साथ चल रहे लोगों पर रंग गुलाल डाला।

हुरियारों की टोलियाें ने उड़ाया गुलाल

झागर| ग्राम पंचायत झागर में ओर आस पास केे ग्रामीणों ने झागर धाननखेड़ी, बनेह परवाह, उकावद कला, रामपुर कॉलोनी, सूजाखेड़ी, सामरसिंगा, मूडरा हनुमान, सुहाया ग्रामों में गुलाल से होली खेली गई। बैंड बाजा डीजे के साथ युवाओं ने नाच-गाना करते हुए एक-दूसरे गुलाल लगाई और एक-दूसरे को बधाई दी। हुरियारों की टोलियां सड़कों पर गुलाल उड़ाते हुए निकले। ग्राम में जगह-जगह चौराहों पर होली मिलन का आयोजन किया।

केदारनाथ में हुआ अभिषेक

बमोरी|रंगपंचमी के मौके पर केदारनाथ एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में हिउस कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया एवं प्राकृतिक रंगों का आदान-प्रदान किया। वहीं ठंडाई की प्रसादी का अनेकों स्थानों पर वितरण किया गया।

विभिन्न समितियों ने रंगारंग कार्यक्रम आयोजित कर एक-दूसरे को दी रंगपंचमी की बधाई

वाहनों में जमकर चली ओवरलोडिंग

आरोन| आरोन से करीला मेले में जाने वाले वाहनों में ओवरलोडिंग का नजारा देखने को मिला। वाहनों में जितनी सवारियां अंदर थी उतनी ही सवारियां ऊपर नजर आईं। सड़कों पर वाहनों का कारवां देखा गया। बसों के साथ साथ जीप, कार, ट्रैक्टर, ट्रक, मोटरसाइकिल, आटो, मैजिक वाहन, सड़कों पर जाते हुए नजर आए। अनेक वाहनों पर लोगों को ऊपर बैठे हुए देखा गया।

झागर में ग्रामीणाें ने गुलाल से रंगपंचमी खेलकर मनाया।

शहर में रंगपंचमी पर लोगों ने गुलाल से होली खेलकर त्योहार मनाया।
खबरें और भी हैं...