- Hindi News
- National
- Guna News Mp News Sanitizer Drug Inspector Will Stop Black Marketing Of Masks License Will Be Canceled If Stock Is Found
सैनिटाइजर, मास्क की कालाबाजारी रोकेंगे ड्रग इंस्पेक्टर, अगर स्टॉक मिला तो लाइसेंस होगा रद्द
कोरोना वायरस से जुड़ा जिले में अभी एक भी मामला सामने नहीं आया है, लेकिन विदेशी यात्रा से जिले में लौट रहे लोगों ने जरूर चिंताएं बढ़ा दी हैं। हालांकि इनमें कोरोना जैसे कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं लेकिन सतर्कता को लेकर स्वास्थ्य विभाग कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। जापान के बाद इटली और मलेशिया की यात्रा से 2 लोगों के वापस आने के बाद सुरक्षा के तमाम इंतजाम किए जा रहे हैं, इन्हें घर पर ही आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। उधर डॉक्टरों की आपात बैठक भी सीएमएचओ ने अचानक तलब कर ली, वहीं वार्ड इंचार्ज और नर्सों से भी कहा है कि सावधान रहें, लोगों को जागरूक करें।
सैनिटाइजर और मास्क की कालाबाजारी की सूचनाओं के बीच ड्रग इंस्पेक्टर को छापामार कार्रवाई के लिए कहा गया है, अगर कोई इन चीजों का स्टॉक रखता है तो उसका लाइसेंस रद्द हो सकता है, इसलिए सभी मेडिकल एवं अन्य संस्थाएं जो इनकी बिक्री से जुड़ी है, कालाबाजारी न करने की सलाह भी दी गई है। प्रमुख सचिव पल्लवी जैन ने भी वीडियो कांफ्रेंस की। सीएमएचओ, सिविल सर्जन को विशेष निगरानी रखने के लिए कहा है।
बैठक : प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने कहा -अगर गड़बड़ी हुई तो सिविल सर्जन होंगे जिम्मेदार
आपात बैठक बुलाई, वार्ड इंचार्ज को भी दिशा-निर्देश
कोरोना को लेकर आपातक बैठक भी बुलाई गई। इसमें सीएमएचओ पी बुनकर, सिविल सर्जन डॉ. अनिल विजयवर्गीय, आरएमओ पीएन धाकड़, रोग निगरानी समिति के प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी सहित अन्य डॉक्टर एवं नर्सिंग स्टाफ मौजूद था। इनसे कहा है कि लोग डरें न, उन्हें जागरुक करें। वार्ड में भी लोगों से कहें कि खांसते या छींकते समय कोहनी से मुंह को छिपा लें।
सावधानी: भीड़ वाले इलाकों में न जाएं, हमेशा मास्क पहनें
पूर्व सीएमएचओ डॉ. रामवीर सिंह रघुवंशी ने कहा है कि सावधानी ही बचाव है। भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें। अगर जरूरी है तो मास्क पहनें। हाथों को मुंह एवं नाक आदि से बार-बार न लगाएं। अगर सर्दी, खांसी हैं तो हाथों को साबुन या सैनिटाइजर से साफ करें। खांसते समय कोहनी का इस्तेमाल करें। खांसी, जुखाम, बुखार की स्थिति में तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
भास्कर की खबर के बाद ... मुनाफाखोरी पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी सौंपी
दैनिक भास्कर ने 7 मार्च को खबर प्रकाशित की थी, इसमें बताया था कि सैनिटाइजर और मास्क की कालाबाजारी शुरु हो गई है। बाजार में यह दोनों चीजों के दाम बढ़ा दिए गए हैं। इस मामले को स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया, वहीं प्रमुख सचिव तक भी यह मामला पहुंचा है। उन्होंने सीएमएचओ से कहा है कि ड्रग इंस्पेक्टर मेडिकलों की जांच करें, अगर सैनिटाइजर और मास्क का स्टॉक मिले तो कार्रवाई करें।
इटली, मलेशिया की यात्रा से गुना वापस आए दो लोग
कोरोना वायरस को लेकर विशेष सुरक्षा बरती जा रही है। पिछले दिनों 2 मरीज जापान से आए थे, उन्हें 28 दिन तक घर पर ही आइसोलेशन वार्ड में निगरानी में रखा है। वहीं इटली और मलेशिया से भी यात्री वापस आ गए हैं, इन्हें भी निगरानी में रखा गया है। इन चारों यात्री के घर पर रोज स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचकर खैर-खबर लेगी। यह लोग लोग घूम फिर नहीं सकेंगे, मास्क लगाकर ही रहेंगे। परिवार के लोग भी 2 मीटर की दूरी बनाकर रखेंगे। हालांकि इनमें कोरोना के लक्षण नहीं है, लेकिन फिर की सतर्कता बरती जा रही है।
सरकारी अस्पतालों में 6 माह की दवाओं का स्टॉक रहेगा
अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पहले से ही दवा कंपनियों को आर्डर जारी कर जरुरी दवाओं की खरीदी करें। 6 माह तक कोई दवा की कमी न पड़े। प्रमुख सचिव ने कहा है कि अगर लापरवाही मिली तो सीएमएचओ और सिविल सर्जन जिम्मेदार होंगे।
जिला अस्पताल में कोरोना वायरस को लेकर स्टाफ की बैठक ली।