पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Guna News Mp News There Is No Incident Like Delhi So Monitoring Drones In 5 Areas Will Still Fly For 3 Hours

दिल्ली जैसी घटना न हाे इसलिए... 5 इलाकों में ड्रोन से निगरानी, आज भी 3 घंटे उड़ान भरेंगे

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

एसपी और कलेक्टर ने पांच संवेदनशील इलाकों का दौरा किया

दिल्ली में दंगों के दौरान छतों से ईट-पत्थर और पेट्रोल बम फेंके जाने की घटनाओं से बड़ा तनाव फैला था। इससे पुलिस ने अब सबक लिया है कि पहले से ही मौजूद एक तकनीक से ऐसी घटनाओं को घटित होने से पहले ही रोका जा सकता है। गुना में होली की पूर्व संध्या पर पुलिस ने यही किया। उसने पांच संवेदनशील जगहों पर 2 घंटे तक ड्रोन उड़ाकर हर घर के छत की तस्वीरें कैद कर लीं।

शाम को 4 से 6 बजे के बीच पुलिस ने ड्रोन से निगरानी की। वहीं होली के दिन यानि मंगलवार को सुबह 10 से एक बजे के बीच निगरानी की जाएगी। यह पहली बार है जब पुलिस इस तरह का प्रयोग कर रही है। इससे देखा जाएगा कि किसी घर की छत पर संदिग्ध रूप से चीजों को एकत्रित करके तो नहीं रखा गया है। वहीं सोमवार शाम को कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार और एसपी तरुण नायक ने संयुक्त रूप से उन इलाकों का दौरा किया, जहां पूर्व में विवाद की घटनाएं होती रही हैं।

पर्यावरण की चिंता... शहर की ज्यादातर समितियों ने कंडों से किया होलिका दहन

नयापुरा चौराहे पर इस बार कंडों की होली जलाई गई।

उल्लास: लकड़ियों का इस्तेमाल नहीं किया

मौसम और सुरक्षा को लेकर अनिश्चितताओं के बावजूद होली के उल्लास में कोई कमी आने की संभावना नहीं है। त्योहारों पर इस शहर ने कभी भी सद्भाव की परंपरा को भंग नहीं होने दिया। होलिका दहन का उत्सव जिस जोश व उल्लास से मनाया गया, उससे लगता है कि होली पर भी खूब गुलाल-अबीर उड़ेगी। होलिका दहन में अब लोग कंडों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

सुरक्षा : अतिरिक्त पुलिस बल भी किया गया तैनात

शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सोमवार शाम से ही शुरू हो गई। पूरे शहर में कम से कम 250 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सारे प्रमुख चौराहों व मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इस दौरान बेकाबू रफ्तार से बाइक व वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरती जाएगी। उनके चालान बनाए जाएंगे और जरूरत पड़ी तो वाहन भी जब्त होंगे। होली पर किसी के साथ जोर जबरदस्ती न करें।

इन इलाकों पर खास निगरानी : पुलिस ने कर्नलगंज, पुरानी छावनी, बोहरा मस्जिद इलाका, श्रीराम कालोनी और महावीरपुरा में यह निगरानी की।


मौसम: पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तेज बारिश की संभावना

मौसम को लेकर दो तरह की चिंता बनी हुई हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि होली के दिन यानि 10 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राजस्थान पर चार किमी के ऊंचाई पर चक्रवात बनेगा। पूर्वी व पश्चिमी हवाओं के आपस में टकराने की वजह से यह हालात बनेंगे। इससे ग्वालियर संभाग के कई इलाकों में 20 से 30 मिमी बारिश के आसार हैं। निजी मौसम एजेंसियों ने भी होली के दिन बादल छाए रहने और बारिश के 20 से 40 फीसदी तक आसार बताए हैं। बीते कम से कम 15 से 20 साल के दौरान होली पर बारिश तो दूर बादल भी छाए रहने का मामला नहीं हुआ है। उम्मीद है कि इस बार भी यह सिलसिला कायम रह सकता है।

ठंडक फिर भी करेगी परेशान

बारिश न भी हुई तो ठंड परेशान कर सकती है। दिन व रात का तापमान लगातार सामान्य से नीचे बना हुआ है। सोमवार को दिन भर ठंडी हवा चलती रही। इसकी रफ्तार 15 किमी प्रति घंटे तक रही। दिन का पारा 29.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम था। वहीं रात का पारा 12.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। सुबह 11 बजे तक तापमान 18 डिग्री रहने से ठंडक बनी रही।
खबरें और भी हैं...