- Hindi News
- National
- Guna News Mp News Ti Suspended For Misappropriation Of Goods Seized At Police Station
थाने में जब्त माल की हेराफेरी में फंसे टीआई को निलंबित किया
गुना | आरोन थाने में आपराधिक मामले में जब्त माल की हेराफेरी में टीआई प्रवीण सिंह चौहान फंस गए। इस मामले को एसपी तरुण नायक ने गंभीरता से लिया और टीआई को निलंबित कर दिया। उनके स्थान पर टीआई अरविंद सिंह तोमर को थाने का प्रभार दिया है। मामला बेहद गंभीर है, इस वजह से एएसपी टीएस वघेल को जांच के लिए भेजा। वह रविवार शाम को ही आरोन थाने पहुंचे और रिकॉर्ड देखा। दरअसल थाने में ही पदस्थ एक प्रधान आरक्षक ने इस पूरे मामले की शिकायत एसपी से की थी। प्रधान आरक्षक को पता था कि टीआई ने कई चीजों को नजरअंदाज किया और अनियमितताएं की हैं। अगर समय रहते यह मामले एसपी तक नहीं पहुंचता तो निचला अमला भी निशाने पर आ सकता था। एक ऑडियो भी एसपी को सौंपी गई है, इसमें टीआई की चर्चा बताई जा रही है। इसी आधार पर टीआई पर जब्त माल में अनियमितता, भ्रष्ट आचरण करने और संदिग्ध आचरण का प्रदर्शन करने के आरोप प्रारंभिक जांच में सही पाए गए।
एएसपी ने सभी के लिए बयान : एएसपी ने थाने में मौजूद सभी अमले के बयान भी लिए। जिस प्रधान आरक्षक ने टीआई की करतूतों का भंडाफोड़ किया था, उसे भी अपने समीप बिठाकर पूरे मामले की जानकारी ली। वहीं थाने में जब्ती माल के रिकॉर्ड से माल खाने में रखा सामान भी मिलाया जा रहा है। ताकि कोई बड़ी चीज तो गायब नहीं है। टीआई की ऑडियो भी अहम सबूत माना जा रहा है।