- Hindi News
- National
- Guna News Mp News Unhygienic Water Flows On Roads Behind Dhakad And Pawan Colony And Behind Meat Market Of Colonelganj
धाकड़ एवं पवन काॅलोनी और कर्नलगंज के मीट मार्केट के पीछे सफाई नहीं हाेने से सड़कों पर बहता है गंदा पानी
शहरमें सड़कों की गंदगी ही साफ नहीं हो रही तो और चीजों की क्या उम्मीद की जा सकती है
मिशन 10 के नाम पर छेड़ा गया सफाई अभियान की हवा निकल गईं। पहले सड़कों पर अधिकारी, नपा का अमला और कुछ समाजसेवी भी सफाई करते नजर आते थे। अब यह सब गायब हैं और सफाई की गतिविधियां भी एक दम बंद हो गई हैं।
हाल यह हैं कि नगर पालिका में बैठे जिम्मेदार भी व्यवस्थाएं सुधार नहीं पा रहे हैं। यही वजह है कि सफाई जैसी एक छोटी सी समस्या को लेकर लोगों को सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और कई सरकारी तंत्रों तक शिकायत करनी पड़ रही हैं। इसके बाद भी किसी पर कोई असर नहीं हो रहा है। लोग सफाई जैसे छोटे काम के लिए गुहार लगा रहे हैं।
नगर पालिका में भी सुनने वाला कोई नहीं है। क्योंकि अधिकारी समय पर मौजूद ही नहीं रहते हैं। लोग शिकायत लेकर आ रहे हैं, लेकिन कोई नहीं मिलता। शहर के धाकड़ कालोनी, पवन कालोनी और मीट मार्केट के पीछे जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है। इन स्थलों से बदबू की वजह से निकलना भी मुश्किल होता है।
मीट मार्केट के पीछे भी सफाई नहीं होती
शहर के कर्नलगंज में भी सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। मीट मार्केट में शिफ्ट हुए कारोबारियों का कहना है कि जिस सुविधा के नाम पर उन्हें यहां शिफ्ट किया था अब तक नहीं दी गई है। एक हैंडपंप भी लगना था, लेकिन नहीं लगा। वहीं मछली विक्रेताओं के लिए भी शेड नहीं बनाया गया है। इस मार्केट के पीछे के भी बुरे हाल हैं। पुलिया पर ही सफाई कर्मचारी कचरा डालते हैं, उठाने के लिए कई दिन तक नहीं आते हैं। वहीं यहां स्थिति नालियों तक सफाई कई दिनों से नहीं हुई है। स्थानीय लोग परेशान हैं।
मिशन 10 के तहत चल रही गतिविधियां अब बंद
मिशन 10 के तहत सफाई को लेकर पूरी योजना तैयार की गई थी। लेकिन अब यह गतिविधियां एक दम बंद हो गई हैं। खुद कलेक्टर इस मिशन के तहत सफाई की निगरानी कर रहे थे। कई समाज सेवी भी सफाई के लिए सड़कों पर उतरे थे, लेकिन अब सब गायब हैं। शहर वासी सवाल खड़े कर रहे हैं कि पहले जिस तरह काम हुआ था, अब क्यों रोका गया है।
हाल यह हैं कि नगर पालिका में बैठे जिम्मेदार अफसर भी नगर की व्यवस्थाएं सुधार नहीं पा रहे हंैं
कर्नेलगंज स्लाटर हाउस के पीछे स्थित सड़क पर गंदगी फैली हुई हैं इस पर किसी का ध्यान नहीं हैं
धाकड़ कॉलाेनी के रास्ते में फैला गंदा पानी बीमारी का कारण बन सकता है।
पवन काॅलोनी के भी बुरे हाल
पवन काॅलोनी में भी एक नाला चोक हो चुका है, इस वजह से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। हाल यह है कि लोगों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले पार्षदों से शिकायत कर देते थे, अब तो नगर पालिका में कोई जनप्रतिनिधि नहीं है। नगर पालिका में अधिकारी बैठते नहीं है। इस वजह से कोई सुनने वाला नही है। कई बार शिकायत कर चुके हैं। लेकिन नाले की सफाई तक नहीं कराई जा रही है। इस कारण गंदगी से लोग परेशान है। यही स्थिति रही तो इससे बीमारी भी फैल सकती है। लोगों का कहना है कि अब सफाई जैसे मसले को हल कराने के लिए इतना परेशान होना पड़ रहा है। सफाई कर्मचारी आते हैं लेकिन नाले की वजह से पैदा हुई समस्या का वह भी हल नहीं निकाल पा रहे हैं।
कलेक्टर को भी दिया आवेदन
धाकड़ काॅलोनी के रहवासी घनश्याम तिवारी ने बताया कि कलेक्टर एवं नपा सीएमओ को भी शिकायत की थी, इसके साथ में नक्शा दिया था इसमें दर्शाया था कि सड़क तथा नाली का ढाल बाउंड्रीवॉल की तरफ होने के कारण पानी नहीं निकल पा रहा है। जो खाली प्लांटों एवं सड़कों पर भर जाता है। पानी के भराव के कारण कॉलोनी में मच्छर के साथ अनेक प्रकार की बीमारियां पनप रही हैं। इस संबंध में स्थानीय रहवासियों ने कई बार सीएम हेल्पलाईन, 181 से लेकर जनसुनवाई में गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय रहवासी घनश्याम तिवारी, मनीष सोनी, सुधीर श्रीवास्तव, अभिषेक जैन टिंकल, बसंत टांटिया, संतोष रजक, देवेन्द्र जैन, मनोज जैन, संजय जैन, राजीव जैन आदि रहवासियों ने जिला प्रशासन से पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
धाकड़ कॉलोनी में पानी की निकासी नहीं प्लॉटों में भरा गंदा पानी
वार्ड 16 धाकड़ कॉलोनी के रहवासी लंबे समय से परेशान हैं। इसको लेकर बार-बार नगर पालिका फरियाद लगा चुके हैं, लेकिन समस्या का हल नहीं हो रही है। दरअसल धाकड़ कॉलोनी के रहवासी के घरों से निकलने वाला गंदा पानी खाली प्लॉट एवं सड़क पर भर रहा है। रहवासियों के अनुसार नालियों का पानी यहां एक निजी व्यक्ति की जमीन पर बनी बाउंड्रीवॉल के कारण प्लॉटों में रुक जाता है।