पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • Gwalior News Mp News 100 Rupees Will Be Deducted From Honorarium For Mistake Of Checking Number 1

कॉपी जांचने में 1 नंबर की गलती पर मानदेय से काटे जाएंगे 100 रुपए

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

एमपी बोर्ड की हाईस्कूल व हायर सेकंडरी परीक्षा की कॉपी जांचते वक्त शिक्षक लापरवाही न करें, इसके लिए उन पर जुर्माने का प्रावधान किया गया है। कोई शिक्षक यदि एक नंबर की गलती छोड़ेगा तो उसके मानदेय से 100 रुपए कटेंगे। ज्यादा नंबर छोड़ने पर यह राशि प्रति नंबर 100 रुपए के हिसाब से बढ़ती जाएगी। कॉपी की जांच के बाद भी किसी छात्र को ओएमआर सीट में गैरहाजिर बताने वाले शिक्षक पर एक हजार रुपए अर्थदंड व विभागीय जांच (डीई) भी होगी। छात्र हित में मूल्यांकन के लिए बोर्ड ने निर्देश जारी कर दिए हैं।

एमपी बोर्ड के संभागीय अधिकारी आरपी बरेहिया का कहना है कि बोर्ड ने लापरवाह शिक्षकों पर अर्थदंड की व्यवस्था की है। इनसे हर एक अंक की गलती पर 100 रुपए की वसूली की जाएगी।

एमपी बोर्ड ने यह भेजे निर्देश

{ पहला चरण 21 से, 3 अप्रैल तक 70 फीसदी काम निपटेगा-पहला चरण 21 मार्च से प्रारंभ होगा जो 3 अप्रैल तक खत्म होगा। चूंकि इस बार पांच दिन देरी से मूल्यांकन प्रारंभ हो रहा है, इसी कारण 70 फीसदी काम 3 अप्रैल तक पूरा होने की उम्मीद है। पहले चरण में 17 मार्च तक की कॉपियां जांची जाएंगी। दूसरा चरण 4 अप्रैल से होगा, इसमें 18 से 31 मार्च के पेपर की कॉपियां जांची जाएंगी। अंतिम तीसरा 17 अप्रैल से प्रारंभ होना है। इसमें 2 मार्च से 11 अप्रैल तक की कॉपियां जांची जाएंगी।

{ बोर्ड ने गलतियां कम करने दिए विशेष निगरानी के निर्देश-गत वर्ष हुए मूल्यांकन में 32 गलतियां शिक्षकों ने की थीं। प्रदेशभर में ऐसी गलतियां हाईस्कूल में 176 जबकि हायर सेकंडरी में 468 हुई थीं। कुछ मामलों में तो छात्रों ने न्यायालय की शरण भी ली और यहां से बोर्ड पर जुर्माना तक लगा। इस बार बोर्ड ने साफ किया है कि जुर्माने की राशि संबंधित शिक्षक से एक सप्ताह में ही मानदेय से ही वसूल कर ली जाए।

{ मानदेय पिछले साल जैसा,ज्यादा गड़बड़ी पर शिक्षक अयोग्य-बोर्ड ने कॉपी जांचने वाले शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि नहीं की है। उन्हें इस बार भी हाईस्कूल की एक कॉपी जांचने पर 12 रुपए तथा हायर सेकंडरी की कॉपी के बदले 13 रुपए मिलेंगे। एक शिक्षक एक िदन में अधिकतम 45 कॉपी जांच सकेंगे। जिस शिक्षक की 10 फीसदी से ज्यादा कॉपियों में गड़बड़ी मिलेगी, उसका पूरा मानदेय जब्त होगा। ऐसे शिक्षक एक से पांच साल तक अयोग्य भी घोषित होंगे।

{ शिक्षकों में डर कोरोना का, ड्यूटी हटाने के लिए सिफारिश-पहले चरण में 730 शिक्षकों की ड्यूटी पद्मा स्कूल में बनने वाले मूल्यांकन केंद्र में लगेगी। इसके बाद चार सौ से ज्यादा शिक्षक और लगेंगे। वर्तमान में कोरोना बीमारी का डर है, इसलिए शिक्षक मूल्यांकन से बचना चाह रहे हैं, क्योंकि 730 शिक्षक छोटे-छोटे कमरों में मूल्यांकन करेंगे। बोर्ड ने कहा है कि ड्यूटी निरस्त सिर्फ कलेक्टर ही करेंगे। बोर्ड मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों को 9-11 की कॉपी जांचने में नहीं लगाया जाएगा।

प्राइमरी और मिडिल परीक्षाओं का मूल्यांकन 20 से, हर ब्लॉक में दो मूल्यांकन केंद्र रहेंगे

ग्वालियर। बोर्ड पैटर्न पर आयोजित प्राइमरी अौर मिडिल स्कूल की परीक्षाओं का मूल्यांकन 20 मार्च से शुरू किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक ब्लॉक में दो मूल्यांकन केंद्र बना जाएंगे। इस तरह से जिले में 10 मूल्यांकन केंद्रों पर मूल्यांकन करवाया जाएगा। इसके लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने का काम 15 मार्च से शुरू होगा। अप्रैल के पहले सप्ताह तक मूल्यांकन पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।

उल्लेखनीय है कि इस सत्र में प्राइमरी और मिडिल परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की गई थीं। अभी परीक्षाएं चल रही हैं। 24 मार्च को प्राइमरी और 27 मार्च को मिडिल परीक्षाएं समाप्त होंगी। परीक्षाएं समाप्त होने से पहले ही मूल्यांकन कार्य शुरू किया जा रहा है कि ताकि समय पर रिजल्ट घोषित किया जा सके। अप्रैल में रिजल्ट घोषित करने का लक्ष्य तय किया गया है। डीईओ विकास जोशी के अनुसार, 20 मार्च से मूल्यांकन शुरू करवा दिया जाएगा, इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

खबरें और भी हैं...