- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- Gwalior News Mp News 90 Thousand Payment To The Contractor Every Month For Cleaning Yet Dirt 7 Days Given Time For Improvement
सफाई के लिए हर माह ठेकेदार को 90 हजार का पेमेंट फिर भी गंदगी, सुधार के लिए 7 दिन का दिया समय
हर महीने सफाई व्यवस्था के लिए ठेकेदार को 90 हजार रुपए देने के बाद भी माधव प्लाजा में गंदगी का ढेर लगा हुआ है। यहां काफी समय से जमा कचरा सड़ांध मार रहा है। प्लाजा को व्यवस्थित रखने के लिए ग्वालियर विकास प्राधिकरण के कर्मचारी भी तैनात हैं, लेकिन अव्यवस्थाएं फिर भी बनी हुई हैं। शनिवार को प्लाजा का निरीक्षण करने पहुंचे सीईओ किशोर कन्याल ने अव्यवस्थाओं को देखकर ठेकेदार कंपनी स्वाति सिक्याेरिटी के दिनेश तोमर और प्राधिकरण के अधिकारियों को फटकार लगाई।
उन्होंने कहा कि यदि 7 दिन में सफाई व्यवस्था नहीं सुधरी तो ठेका निरस्त करने के साथ ही ठेकेदार से अब तक के भुगतान की रिकवरी भी करें। श्री कन्याल ने सी ब्लॉक का काम 15 जुलाई तक पूरा करने के निर्देश दिए। अफसरों से कहा कि जो दुकानें खाली हैं, उन्हें बेचने की प्रक्रिया अपनाई जाए। साथ ही कहा कि प्लाजा मेें तीसरे फ्लोर पर बने फूड कोर्ट को भी तैयार करने के लिए प्रक्रिया अपनाई जाए। ऐसा हाेने पर शहर के बीचों-बीच लोगों को एक बड़ा फूड कोर्ट मिल सकेगा।
सोसायटियों का लेखा-जोखा जुटाने की तैयारी
निरीक्षण के बाद श्री कन्याल ने प्राधिकरण के अफसरों की बैठक ली। जिसमें उन्होंने कहा कि शासकीय जमीन और डायवर्सन के मामले में जो लेनदेन है, उसकी डिटेल तैयार की जाए और जिन सोसायटियों ने जीडीए या हितग्राहियों की जमीन अाैर प्लॉट दबा रखे हैं या राशि दबा रखी है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। गौरतलब है कि कई सोसायटियों ने जीडीए को जमीन सरेंडर कर प्लॉट ले लिए और फिर उस जमीन को भी बेच दिया। बीते दिनों ऐसी 5 सोसायटियों पर एफआईआर भी कराई जा चुकी है। बैठक में अधीक्षण यंत्री आरके गुप्ता, कार्यपालन यंत्री डीडी मिश्रा, सुधाकर खेड़कर अाैर सुभाष सक्सेना आदि मौजूद थे।
माधव प्लाजा के निरीक्षण के दौरान ठेकेदार को हिदायत देते सीईओ किशोर कन्याल।