पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • Gwalior News Mp News A List Of 1200 Teachers Will Be Made For The Preparation Of Board Exam Evaluation

बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन की तैयारी शुरू 1200 शिक्षकों की सूची बनाई जाएगी

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकंडरी और हाईस्कूल की परीक्षा के मूल्यांकन की तैयारी शुरू हो गई है। पद्मा हायर सेकंडरी स्कूल में बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन होगा। इसके लिए मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों की सूची तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। संभवत: अप्रैल के पहले सप्ताह से मूल्यांकन का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षकों को चेतावनी दी जाएगी कि अगर वह मूल्यांकन के काम में हिस्सा नहीं लेते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जिले के पद्मा स्कूल में बनाए जाने वाले मूल्यांकन केंद्र में 4 से 6 लाख कॉपियां प्रतिवर्ष मूल्यांकन के लिए आती हैं। इन कॉपियों के मूल्यांकन के लिए 1 हजार से ज्यादा शिक्षकों की ड्यूटी लगती थी। इस बार भी अप्रैल के पहले सप्ताह में कॉपियाें का मूल्यांकन शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। पद्मा स्कूल में उन शिक्षकों की सूची बनाना शुरू कर दी गई है जिन्हें मूल्यांकन के लिए बुलाना है। एेसे लगभग 1200 शिक्षकों की सूची तैयार की जा रही है। सूची तैयार होने के बाद शिक्षकों को पत्र जारी किया जाएगा, उसमें उन्हें कहा जाएगा कि मूल्यांकन जरूरी काम है और शिक्षक इसके लिए इनकार नहीं कर सकते हैं। जो भी शिक्षक बिना उचित वजह के मूल्यांकन के काम से बचेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि शिक्षा विभाग के अफसर जानते हैं कि जो सूची बनाई जाएगी उनमें से कुछ शिक्षक कॉपी चेक करने नहीं आएंगे और इसके पीछे मेडिकल ग्राउंड भी बताएंगे, इस लिहाज से कुछ शिक्षकों को रिजर्व भी रखा जाएगा ताकि उनकी जगह पर यह शिक्षक कॉपी चेक करवाकर व्यवस्था बनाई जा सके।

दो चरणों में होता है मूल्यांकन :

पद्मा स्कूल में बनाए जाने वाले मूल्यांकन केंद्र में दो चरणों में मूल्यांकन होता है और यह मई माह तक चलता है। मूल्यांकन प्रक्रिया सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चलती है। अब तक यह देखा जाता था कि शुुरुआती दिनों में मूल्यांकन करने के लिए शिक्षक कम संख्या में पहुंचते थे लेकिन इस बार तैयारी यह की जा रही है कि शिक्षक पहले दिन से ही पूरी संख्या में आएं ताकि मूल्यांकन कार्य जल्द पूरा कराया जा सके।

जेयू में जयपुर विवि की तर्ज पर तैयार हाेगा रिजल्ट, 7 मई तक घाेेषित करने का लक्ष्य

ग्वालियर| जीवाजी यूनिवर्सिटी में रिजल्ट बनाने का काम अजमेर की एजेंसी को सौंप दिया गया है। इसके साथ ही जेयू प्रबंधन ने रिजल्ट 7 मई तक घोषित करने का लक्ष्य भी तय कर लिया है। इस बार अजमेर की एजेंसी रिजल्ट से जुड़ा ज्यादतर काम ऑनलाइन करने की योजना बना रही है। जिस तरह से रिजल्ट जयपुर और कोटा यूनिवर्सिटी में तैयार करवाया जाता है ठीक उसी तरह से यहां पर तैयार करवाया जा रहा है। जयपुर और कोटा यूनिवर्सिटी में काॅपियों के फ्लैप फाड़ने की बजाय इनका पहला पेज स्कैन कर लिया जाता है, इसकी कोडिंग करने के बाद कॉपी मूल्यांकन करने वाले शिक्षक को दे दी जाती है। कॉपी चेक होने के बाद उसे डीकोड कर दिया जाता है। इस दौरान कोडिंग के आधार पर मूल्यांकनकर्ता ऑनलाइन सूची तैयार करेगा और यूनिवर्सिटी को भेज देगा। यूनिवर्सिटी में डी-कोड करने के बाद रिजल्ट तैयार करने के लिए कंपनी को दे दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ सालों से जेयू में परीक्षाएं देर से कराने और रिजल्ट समय पर तैयार नहीं हाे पा रहा था। इससे छात्र परेशान थे, कुछ छात्र को पिछले सत्र में उच्च शिक्षा विभाग तथा अन्य यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित प्रवेश प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले पाए थे। इस बार उच्च शिक्षा विभाग अौर राजभवन ने समय पर परीक्षाएं करवाने अौर रिजल्ट घोषित करवाने के लिए मॉनीटरिंग शुरू कर दी है। इसके बाद जेयू ने यूजी कोर्सों की परीक्षाएं भी समय पर शुरू करवा दीं, मूल्यांकन और रिजल्ट घोषित करने की तैयारी भी कर ली है। कॉपियां चेक करना के लिए केंद्रीय मूल्यांकन की तैयारी पूरी कर ली गई है। छुटि्टयां खत्म होते ही केंद्रीय मूल्यांकन भी शुरू करा दिया जाएगा, ऐसी उम्मीद जताई जा रही है। जेयू के अफसर कहते हैं कि 7 मई से पहले रिजल्ट घोषित कर दिया जाए इस तरह से तैयारी की जा रही है। इसके लिए जरूरी हुआ तो लीड कॉलेजों को भी मूल्यांकन का नोडल केंद्र बनाया जाएगा।

केंद्रीय मूल्यांकन कराने की तैयारी की जा रही है

-राजीव मिश्रा, डिप्टी रजिस्ट्रार, जेयू
खबरें और भी हैं...