माफिया पर कार्रवाई जारी रहेगी: कलेक्टर
ग्वालियर| माफिया के खिलाफ जिले में अभी तक अच्छी कार्रवाई हुई है, इसे जारी रखा जाएगा। सभी क्षेत्र जैसे खनिज, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े माफिया को बख्शा नहीं जाएगा। ग्वालियर के लिंगानुपात में काफी अंतर है, इसे बढ़ाना भी प्राथमिकता रहेगा। यह बात कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कलेक्टोरेट में संवाददाताओं से चर्चा में कही।
अचानक ग्वालियर तबादला और तत्काल ज्वाॅइनिंग के सवाल पर कलेक्टर श्री सिंह ने कहा, यह एक रूटीन प्रक्रिया है। यहां पर चूंकि कलेक्टर अनुराग चौधरी छुट्टी पर चल रहे थे और वित्तीय वर्ष खत्म होने को था, इसी कारण जल्दी ज्वाॅइनिंग की गई। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि इसके उत्तर के लिए मैं अधिकृत नहीं हूं।
बरेठा में कलेक्टर को मिलीं बिजली की समस्याएं: कलेक्टर ने मुरार के बरेठा गांव का निरीक्षण किया। उन्हें यहां पर बिजली संबंधी कई समस्याएं ग्रामीणों ने बताईं। इसके अलावा कलेक्टर ने मोतीमहल स्थित कंट्रोल कमांड सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इसके डेटा का उपयोग आम जनों की सुविधाओं के लिए किया जाए।