पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सीसीटीवी कैमरों से शहर के सभी जैन मंदिरों की निगरानी की जाएगी

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सकल जैन महापंचायत की बैठक में लिया निर्णय

संस्कृति की सुरक्षा के लिए मंदिरों का निर्माण जरूरी है : मुनिश्री

ग्वालियर| पिता अपने बच्चों की जिंदगी भर धन संग्रह कर उनका भविष्य उज्जवल बनाते हैं। उसी तरह संत भी भक्तों के धर्ममय जीवन के लिए मंदिरों का निर्माण करवाते हैं। धर्म और संस्कृति की सुरक्षा के लिए मंदिरों का निर्माण जरूरी है। यह बात राष्ट्रसंत मुनिश्री विहर्ष सागर महाराज ने बुधवार को फूलबाग मैदान में भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान कही। फूलबाग मैदान में पंच कल्याणक महोत्सव 15 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुनिश्री विजयेश सागर महाराज, क्षुल्लक श्री विशोत्तर सागर महाराज भी मौजूद थे।

मुनिश्री ने कहा कि पंच-कल्याणक आत्म कल्याण के लिए किए जाते हैं। जीवन में धन के स्वाद के साथ धर्म का स्वाद भी लेना चाहिए। दान, पूजा के माध्यम से पुण्य करते रहना चाहिए। मन की निर्मलता, क्षमा, त्याग के माध्यम से आती है। मुनिश्री विहर्ष सागर महाराज, मुनिश्री विजयेश सागर महाराज अौर प्रतिष्ठाचार्य शशिकांत शास्त्री ने मंत्रोच्चारण के साथ भूमि का शुद्धिकरण, पूजन अौर वेदी का शिलान्यास किया।

महापंचायत करेगी शहर के मंदिरों की सुरक्षा

- पारस जैन, अध्यक्ष, सकल जैन महापंचायत

ग्वालियर| सकल जैन महापंचायत की पहली बैठक लोहामंडी स्थित लाला गोकुलचंद जैन मंदिर में आयोजित की गई। बैठक में ग्वालियर के दिगंबर अौर श्वेतांबर जैन समाज के लोगों ने भाग लिया। बैठक में महा पंचायत का अध्यक्ष पारस जैन, महामंत्री अशोक वैद, संयुक्त अध्यक्ष महावीर प्रसाद जैन, ज्ञानचंद जैन, पदम जैन, ललित जैन शामिल थे।

ग्वालियर में दिगंबर अौर श्वेतांबर जैन समाज के लगभग 80 मंदिर हैं। इन सभी मंदिरों की कमेटियों के सदस्यों को शामिल कर मुनिश्री अविचल सागर महाराज के सानिध्य में 11 फरवरी को महा पंचायत का गठन किया गया था। इस महा पंचायत में शहर के प्रत्येक मंदिरों के पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। किसी भी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था या अन्य प्रकार की परेशानी को लेकर महा पंचायत की मदद ली जा सकेगी। महापंचायत शहर में अाने वाले साधु-संतों की व्यवस्था, छात्रों अौर समाज जरूरतमंद छात्रों को रोजगार उपलब्ध कराने का काम महापंचायत करेगी।

बैठक में यह लिए निर्णय: बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के सभी जैन मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सभी मंदिरों की विडियो रिकार्डिंग अौर फोटोग्राफी कराई जाएगी। सभी प्रतिमाअों का रिकॉर्ड महापंचायत अपने पास रखेगी। साल में एक बार क्षमावाणी के रूप में महा आयोजन किया जाएगा।

सकल जैन महापंचायत की बैठक में मौजूद पदाधिकारी।
खबरें और भी हैं...