प्रदेश में अभी हों चुनाव तो भाजपा जीतेगी 200 सीटें: झा
कांग्रेस में चल रहे अंतर्कलह और पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में जाने की अटकलों के बीच कोई भी भाजपा नेता फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है। भाजपा नेतृत्व की कसावट के कारण पार्टी नेताओं ने इस मामले में सार्वजनिक बयानों के साथ सोशल साइट्स पर भी चुप्पी साधी हुई है।
सोमवार देर शाम ग्वालियर पहुंचे राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने भी इस मामले में कुछ बोलने से मना कर दिया। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस के घमासान पर कहा कि जब खुद कांग्रेस नेता अपनी सरकार से संतुष्ट नहीं हैं तो फिर आमजनता कैसे संतुष्ट हो सकती है। हर वर्ग का व्यक्ति इस सरकार से परेशान है और यदि आज की तारीख में प्रदेश विधानसभा के चुनाव हो जाएं, तो भाजपा 200 से ज्यादा सीटों के साथ सत्ता में वापसी करेगी।