- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- Gwalior News Mp News Breaking 22 Out Of 30 New City Councils Then Made Gram Panchayat 8 Will Remain Intact
30 नई नगर परिषद में से 22 को तोड़कर फिर ग्राम पंचायत बनाया, 8 बरकरार रहेंगी
पिछली भाजपा सरकार के समय बनाई गई 30 नई नगर परिषदों में से 22 को तोड़कर फिर ग्राम पंचायतों में विभाजित कर दिया गया है। अन्य आठ नगर परिषद बरकरार रहेंगी। राज्यपाल की मंजूरी के बाद इस संबंध में कार्रवाई की गई है।
भाजपा सरकार ने 2016 में 21 और 2918 में नौ नई नगर परिषदों का गठन किया था। इसके लिए कई जगह नियम को शिथिल भी कर दिया गया था। नियमानुसार नगर परिषद के लिए 20 हजार की आबादी जरूरी है। इसमें जोड़-तोड़ कर दूर-दूर की ग्राम पंचायतों को मिलाकर नगर परिषद लायक बना दिया गया। अन्य मापदंड भी पूरे नहीं हो रहे थे। ग्राम पंचायतों के लिए केंद्र से ग्रांट मिलती है, जबकि नगरीय निकायों के लिए अलग-अलग स्कीम हैं। नगरीय प्रशासन के सूत्रों के अनुसार नगरीय निकाय बनने से केंद्र की ग्रांट मिलना बंद हो जाएगी। उसके बदले में नगरीय निकाय को उतनी सहायता नहीं मिलती। कांग्रेस सरकार आने के बाद इनका परीक्षण किया गया। नियमानुसार गठन नहीं होने के कारण उच्च स्तर पर इन्हें वापस ग्राम पंचायत बनाने के निर्देश दिए। इसके पीछे केंद्र से मिलने वाली ग्रांट पर पड़ने वाला असर भी एक कारण था। कैबिनेट में 30 नगर परिषदों को विघटित करने का प्रस्ताव आया था, लेकिन कुछ मंत्रियों ने इस पर आपत्ति की और उनके क्षेत्र में गठित परिषदों को बनाए रखने की मांग की। इसके बाद 22 नगर परिषदों को विघटित करने का फैसला हो गया। राज्यपाल ने 22 नगर परिषदों के गठन को निरस्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी और इनका गठन निरस्त कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में अब निकाय के बजाय पंचायत के चुनाव होंगे।
ग्वालियर की मोहना सहित ये नगर परिषद रहेंगी बरकरार
जो नगर परिषद बरकरार रहेंगी उनमें ग्वालियर जिले में मोहना, गुना में मधुसूदनगढ़, अशोक नगर जिले में पिपरई, शिवपुरी जिले में पोहरी व मगरौनी, पन्ना जिले में गुन्नौर, बड़वानी जिले में निवाली बुजुर्ग और अनूपपुर जिले मेंे वनगंवा शामिल हैं।
ये नगर परिषद विघटित : सागर जिले मेंे मालथौन, बांदरी, बिलहरा व सुरखी, शिवपुरी जिले में रन्नौद, भिंड जिले में रौन व मालनपुर, खरगोन जिले में बिस्टान, बड़वानी जिले में ठीकरी, धार जिले में बाग व गंधवानी, रीवा जिले मेंे डभौरा, सिवनी जिले मेंे केवलारी व छपारा, हरदा जिले में सिराली, बैतूल जिले में घोड़ाडोंगरी व शाहपुर, मंदसौर जिले में भैंसोदा मंडी, शहडोल जिले में बकहो, अनूपपुर जिले में डोला व डूमरकछार और उमरिया में मानपुर।
सरपंच रहे व्यक्ति बनेंगे प्रशासकीय समिति के प्रधान
भोपाल| ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने पर वहां प्रशासकीय समिति काम करेगी। इस समिति का प्रधान ग्राम पंचायत में सरपंच रहे व्यक्ति को बनाया जाएगा। ग्राम पंचायत के सभी पूर्व सदस्य इस समिति में सदस्य होंगे। इस संबंध में रविवार को सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए गए। मार्च में पंचायतों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। निर्देश के अनुसार प्रशासकीय समिति के प्रधान व ग्राम पंचायत के सचिव खाते का संचालन कर सकेंगे। इस समिति में ग्राम पंचायत में रहने वाले दो व्यक्तियों को भी मनोनीत किया जाएगा। प्रशासकीय समिति के गठन के लिए सभी कलेक्टरों को तत्काल प्रतिवेदन भेजने के निर्देश दिए गए हैं।