- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- Gwalior News Mp News Business Running On The Sidewalk In The Fair Crowds Of Tourists To Buy Cheap Goods
मेले में फुटपाथ पर चल रहा कारोबार, सस्ता सामान खरीदने के लिए सैलानियों की भीड़
ग्वालियर व्यापार मेले में इन दिनों रास्ते का माल-सस्ते में डायलॉग खूब चल रहा है। कारण, मेला समापन के बाद दुकानदार बचा हुआ सामान सस्ते दामों में बेच रहे हैं और जैसे लोगों को मेले के इन दिनों का ही इंतजार था। हर रोज मेले में हजारों लोग सुबह से शाम तक पहुंच रहे हैं। मेले का समापन होने के बाद बिजली, पानी और सुरक्षा समेत सभी सुविधाएं बंद हो चुकी हैं लेकिन फिर भी 12 दिन से कारोबारी मेले में कारोबार कर रहे हैं। व्यापारी माल को काफी सस्ते में बेच रहे हैं और ऐसा इसलिए हो रहा कि बचा हुआ स्टॉक ले जाने में ट्रांसपोर्ट का खर्च न बढ़े।
जनरेटर-बैट्री और ऑटो की बढ़ी डिमांड: मेला प्राधिकरण द्वारा बिजली सप्लाई बंद करने के बाद दुकानदार जनरेटर और किराए की बैट्री से दुकानें रोशन कर रहे हैं। यहां छोटी बैट्री की डिमांड ज्यादा है और सप्लाई देने वाले लोग इसका 70 से 100 रुपए रोज का किराया ले रहे हैं। वहीं मेला प्राधिकरण के दफ्तर के पास अस्थाई ऑटो स्टैंड बन गया है। यूं तो कई लोग अपने वाहनों से सीधे मेले में अंदर घूम रहे हैं लेकिन कई लोग ऐसे पहुंच रहे जो सामान के साथ ऑटो से ही घर जा रहे हैं।
कारोबारी बोले- अब सिर्फ रकम व खर्च निकालने की कोशिश
मेले में अलीगढ़ से आए कपड़ा कारोबारी श्याम सिंह का कहना है कि हमने मेले में स्टॉक ज्यादा भर लिया था और पूरा सामान समापन तक बिक नहीं पाया। अब यदि इतने मटेरियल को वापस ले जाते हैं तो ट्रांसपोर्ट चार्ज काफी लगेगा। इसलिए खरीदी हुई कीमत में यहां ठहरने-खाने के खर्च को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे ही फिरोजाबाद से आए आनंद प्रजापति ने मेले में क्रॉकरी आयटम की दुकान लगाई थी। उन्होंने बताया कि मेले में लोगों की भीड़ व ग्राहकी को देखकर और सामान मंगा लिया था। अब बचा हुआ स्टॉक वापस ले जाने में भाड़ा लगेगा और माल की टूट-फूट का नुकसान भी हो सकता है। ऐसे में कोशिश कर रहे हैं कि खरीदी हुई कीमत में ही स्टॉक यहां खत्म कर जाएं।
ग्वालियर व्यापार मेले के फुटपाथ पर सजा बाजार आैर उमड़ी सैलानियों की भीड़।