झारखंड परिवहन विभाग के मैसेज से नागरिक परेशान
झारखंड प्रदेश परिवहन विभाग के डाटाबेस की गड़बड़ी के कारण ग्वालियर के कई लोग परेशान हो रहे हैं। इन लोगों के मोबाइल नंबरों पर चालान की राशि जमा करने के मैसेज आ रहे हैं। अचानक मोबाइल पर आए ये एसएमएस देखकर व्यक्ति हड़बड़ा जाता है। सिस्टम जनरेटेड मैसेज होने के कारण ये लोग वापस इन नंबरों पर कॉल कर संपर्क भी नहीं कर पा रहे हैं।
मोटर व्हीकल एक्ट में संशोधन के बाद चालान की राशि बढ़ा दी गई है। इसे कुछ राज्यों ने लागू किया है, लेकिन मध्यप्रदेश में यह एक्ट प्रभावी नहीं हुआ है। लागू करने वाले राज्यों में झारखंड भी शामिल है। झारखंड में ई-चालान करने के बाद वाहन मालिक को एसएमएस के जरिए भी सूचना भेजी जाती है, लेकिन अब ग्वालियर के लोगों को झारखंड परिवहन विभाग से चालान के एसएमएस आ रहे हैं। इसमें उल्लेख होता है कि आपके दोपहिया या चार पहिया वाहन का चालान किया गया है और उन्हें चालान की राशि जमा करानी है। इसमें वाहन नंबर और चालान की राशि का भी उल्लेख होता है। चूंकि चालान की राशि बहुत ज्यादा होती है, इस कारण व्यक्ति हड़बड़ा जाता है। गौर से देखने पर पता चलता है कि ये एसएमएस झारखंड राज्य के परिवहन विभाग से वहां के किसी वाहन के लिए भेजे गए हैं। एक शिकायत के आधार पर डीबी स्टार टीम ने मामले की पड़ताल की, तो खुलासा हुआ कि डाटाबेस में गलत नंबर फीड होने के चलते ग्वालियर के लोगों के पास इस तरह के एसएमएस पहुंच रहे हैं। इस संबंध में जब झारखंड आरटीओ के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि संभवत: नंबर गलत होने के कारण यह समस्या आ रही है। हम शीघ्र ही अपने यहां जांच करा लेंगे।
केस-1
मुरार निवासी कुलदीप सिंह के मोबाइल नंबर पर हर दो माह में झारखंड परिवहन विभाग का एसएमएस आ रहा है। इसमें कार क्रमांक जेएच 01 एसी 9851 का 43 हजार रुपए की चालान की राशि जमा करने के लिए कहा जा रहा है। श्री सिंह के पास न तो इस नंबर की कोई कार है और न ही उनका झारखंड परिवहन विभाग से कोई वास्ता है।
केस-2
कुलदीप सिंह की तरह ही राजकुमार शर्मा के मोबाइल नंबर पर भी लगातार झारखंड परिवहन विभाग के मैसेज पहुंच रहे हैं। इसमें बताया जा रहा है कि उनकी बाइक का 13 हजार रुपए का चालान हो चुका है और उन्होंने यह राशि जमा नहीं की है। राजकुमार शर्मा का भी कभी झारखंड परिवहन विभाग से कोई लेना-देना नहीं रहा है।
ग्वालियर के कई लोगों के मोबाइलों पर आ रहे हैं चालान के राशि जमा करने के एसएमएस
**
Exclusive