पहले सरियों से पीटा, फिर गरम तेल उड़ेला
ग्वालियर | मुरार में एक ठेले वाले को दो युवकों ने सरियों से पीटा। इसके बाद उस पर गरम तेल उड़ेल दिया। युवक के हाथ, पैर और पेट जल गया। उसे अस्पताल ले जाया गया। मारपीट करने वाले युवकों ने ठेले से सरिया उठा लिया था, इस पर जब ठेले वाले युवक ने टोका तो इन लोगों ने मारपीट कर दी। टीआई मुरार अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि सलमान पुत्र नसरुद्धीन कुरैशी निवासी रिसाला बाजार, मुरार ठेले पर नॉनवेज बेचता है। गुरुवार शाम को वह ठेले पर नॉनवेज बना रहा था। इसी दौरान भूरा जाटव और धीरू पाल वहां आ गए। इन लोगों ने ठेले पर रखा लोहे का सरिया उठा लिया। जब सलमान ने इन्हें टोका तो दोनों ने मारपीट शुरू कर दी। उसे जमीन पर पटककर सरिये से पीटा, फिर कड़ाही में रखा गरम तेल उस पर उड़ेल दिया।