पहली बार इंदौर में ट्रेनिंग लेंगी आफ्टर केयर की युवतियां
ग्वालियर| आफ्टर केयर में रहने वाली युवतियों के लिए पहली बार इंदौर में ट्रेनिंग की व्यवस्था की जा रही है। समधारा 2020 योजना के तहत इस तरह की व्यवस्था कुल 110 संस्थाओं में की गई है, इनमें 29 सरकारी हैं। बाल संरक्षण अधिकारी शालीन शर्मा ने बताया कि ग्वालियर से युवतियों का पहला जत्था गुरुवार रात रवाना हुआ है। शुक्रवार को सभी युवतियां एक्सपोजर विजिट के तहत केटेलिस्ट फॉल सोशल एक्शन संस्थान में पहुंचकर अपनी पसंद और योग्यता के आधार पर चार महीने से तीन साल तक के कोर्स का चयन करेंगी। श्री शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सरकार द्वारा सभी को दो हजार रुपए महीना मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा संस्थान 500 रुपए महीना शिष्यवृत्ति भी देगी। आवास व एक समय के भोजन व नाश्ते की व्यवस्था भी फ्री रहेगी।