सर्दी और कोरोना वायरस को भूलकरहोली के रंगों में डूबा ग्वालियर
सराफा बाजार में ईको फ्रेंडली होली
कोरोना वायरस के चलते एक-दूसरे काे छूने से संक्रमण फैलने व दूसरी अफवाहाें के अलावा सर्दी काे भुलाकर शहर साेमवार काे हाेली के रंगाें में डूबा रहा। स्कूल-काॅलेजाें में जहां दाेपहर में रंग, गुलाल लगाकर एक-दूसरे से गले मिलने का िसलसिला चला ताे शाम काे बाजाराें में व्यापारी हाेलिका दहन के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर बधाई देते नजर आए। होलिका दहन से पूर्व ही कॉलोनियों, मोहल्लों अौर बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बाद में लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं अौर एक-दूसरे पर गुलाल लगाया। बच्चों की होली तो रात से ही शुरू हो गई। जगह-जगह बच्चों के चेहरे, बाल अौर कपड़े गुलाल से रंगे नजर आए। मंगलवार को शहर में फाग के लिए पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम किए हैं। अस्पतालों में बेड रिजर्व किए गए हैं। उधर पानी और बिजली सप्लाई बाधित न हो, इसके लिए नगर निगम और बिजली कंपनी ने पुख्ता इंतजाम करने की बात कही है।
सस्ते रंगों के बजाय लोगों ने हर्बल रंग ज्यादा पसंद किए
सोमवार को बाजारों में रंग और मिठाई की दुकानों पर अच्छी खरीदारी हुई। लोगों ने रंग, गुलाल, पिचकारी, टोपियां, मुखौटे, मिठाई और नमकीन की खरीदारी की। महाराज बाड़ा, मोर बाजार, उपनगर ग्वालियर और मुरार के बाजारों में अच्छी खासी चहल-पहल रही। लोगों ने सस्ते रंग के बजाय गुलाल और हर्बल रंग को अधिक तरजीह दी। दुकानदारों ने होली के लिए फलों की खुशबू वाले फ्रूट कलर भी मंगाए हैं। यह पाउडर के रूप में हैं।
पचमढ़ी से ठंडी रही रात आज दिन में राहत, रात को बारिश के आसार
ग्वालियर| पश्चिमी विक्षोभ के असर से अंचल के मौसम में लगातार बदलाव आ रहा है। 15 दिन बाद ग्वालियर का रात का पारा फिर 12 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इससे पहले 23 फरवरी को रात का तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
वहीं सोमवार को रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने के कारण पचमढ़ी से भी ठंडी रात ग्वालियर की रही। पचमढ़ी का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में 10 जिलों का रात का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से कम
रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के ऊपर चक्रवाती हवा का घेरा बनेगा। साथ ही अरब सागर से नमी आ रही है, जिसके चलते ग्वालियर-चंबल संभाग में मंगलवार को रात में बारिश की संभावना है। सोमवार को पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री बढ़त के साथ 27.7 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री गिरावट के साथ 12 डिग्री दर्ज किया गया।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट... सिटी बस बंद रहेंगी, टेंपो भी कम चलेंगे
मंगलवार को स्मार्ट सिटी की सिटी बस सेवा बंद रहेगी। ऑटो और टेंपो चलेंगे, लेकिन 20 से 30 फीसदी ही। इस कारण यदि आपको कहीं जाना है तो पहले वाहन का इंतजाम कर लेंे। हालांकि दोपहर 3 बजे के बाद यात्री वाहन आसानी से मिल सकेंगे।
सुरक्षा... 100 फिक्स पिकेट व 700 अतिरिक्त जवान तैनात
मंगलवार को होली पर शहर में सुरक्षा चाक चौबंद रहेगी। हर थाना क्षेत्र में 5-5 फिक्स पिकेट बनाकर वाहनाें की चेकिंग की जाएगी। चेकिंग पाइंट व गश्ती दलों के सामने यदि नशे में लड़खड़ाए तो होली हवालात में ही मनेगी। शराब तस्कर व सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी मुहिम चलेगी। सुरक्षा के लिए अतिरिक्त 700 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
अस्पताल... जेएएच की कैजुअल्टी में 10 बेड रिजर्व
होली को देखते हुए जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल हजीरा और जेएएच को अलर्ट पर रखा गया है। जेएएच के प्रभारी अधीक्षक डॉ. केके तिवारी ने बताया, मंगलवार को ट्रॉमा सेंटर, कैजुअल्टी में विशेष प्रबंध रहेंगे। बुधवार को दो घंटे की ओपीडी खुलेगी।
पानी... सभी टंकियों से दोपहर बाद अतिरिक्त पानी मिलेगा
होली के त्योहार पर नगर निगम द्वारा मंगलवार को अतिरिक्त पानी की सप्लाई करेगा। इस दौरान सभी टंकियों से पानी सप्लाई किया जाएगा। दोपहर एक बजे से अतिरिक्त पानी की सप्लाई की जाएगी। पीएचई के अधीक्षण यंत्री आरएलएस मौर्य ने बताया कि होली के त्योहार पर लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसलिए अतिरिक्त सप्लाई की व्यवस्था भी की गई है।
शराब दुकानें... शाम 4 बजे के बाद ही मिल सकेगी शराब
सभी देशी, अंग्रेजी शराब दुकानें मंगलवार को शाम 4 बजे तक बंद रहेंगी। कलेक्टर अनुराग चौधरी ने शराब दुकानों के साथ ही सभी शॉप बार, बीयर बार, अाहता, क्लब बार, सैनिक कैंटीन, थोक एवं फुटकर यूनिट व शराब भंडारगृह पूरी तरह बंद रखे जाएंगे।
पेट्रोल पंप... दोपहर 2 बजे के बाद ही खुलेंगे शहर के पंप
सुबह फाग खेली जाने के कारण मंगलवार को शहर के पेट्रोल पंप दोपहर 1 बजे के बाद खुलेंगे। इस कारण यदि आप कहीं जा रहे हैं तो पहले गाड़ी में पेट्रोल की मात्रा जांच लें। वहीं शहर से बाहर के पेट्राेल पंप शाम को ही खुलेंगे। हालांकि पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन का कहना है कि संचालकों ने दोपहर 1 बजे ही पंप खोलने की बात कही है।
मांग बढ़ने से 360 रुपए किलो तक बिका मावा
होली पर घरों में मावे की गुजिया अधिक बनाई जाती है। मुख्य बाजार मोर बाजार में मावे का सबसे अधिक कारोबार होता है। मिलावटी मावे और सैपलिंग के बीच चुनिंदा मावा कारोबारियों ने मावा बेचा। लोगों ने भी अपनी विश्वस्त दुकानों से ही मावा खरीदा। हालांकि सोमवार को मांग बढ़ने पर मावा कारोबारियों ने भाव बढ़ाकर मावा 310 से 360 रुपए प्रति किलो तक बेचा। इससे पहले मावा 260 से 270 रुपए तक बिक रहा था। मावा कारोबारी राकेश बरई ने बताया कि होली पर मुरैना और भिंड से मावा मंगाया गया है।
आज नहीं चलेंगी सिटी बसें, दोपहर 1 बजे के बाद खुलेंगे पेट्रोल पंप
कॉलेजों में दिन में बिखरे रंग, बाजारों में होलिका दहन के बाद मिले गले
शहर की सबसे बड़ी ईको फ्रेंडली सराफा बाजार स्थित कंडों की होली का दहन किया गया।