होली पर निगरानी के लिए सभी थानों में बनेंगे 5-5 फिक्स पिकेट
ग्वालियर| होली पर शहर में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की तैयारी पुलिस ने की है। थाना क्षेत्र में 5-5 फिक्स पिकेट बनाकर अफसर निगरानी करेंगे। शराब तस्कर व सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए 700 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। चौराहों व प्रमुख मार्गो पर चेकिंग पाॅइंट पर वाहनों पर तीन सवारी व शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की जाएंगी। सुरक्षा के लिए एसएएफ और एसटीएफ को भी तैनात किया जा रहा है।
होली पर शहर में शांति बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी, एएसपी व सीएसपी अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर निगरानी करेंगे। क्राइम ब्रांच, महिला पुलिस बल व होमगार्ड सैनिक को भी तैनात किया जा रहा है। यह टीम प्रमुख बाजारों व चौराहों पर तैनात रहेगी, जहां ट्रैफिक अधिक रहता है।
थाना प्रभारी और अफसर मोबाइल वाहनों से करेंगे निगरानी: सभी थाना क्षेत्र में 5-5 फिक्स पिकेट सहित 100 फिक्स पिकेट बनाए जाएंगे। इन पाॅइंट पर सभी वाहनों की चेकिंग की जाएगी और संदिग्ध को थाने भेजा जाएगा। सीएसपी, थाना प्रभारी और अन्य अफसरों की टीम के पास वीडियो कैमरा भी रहेगा, जिससे हंगामा करने वालों की रिकॉर्डिंग कराई जाएगी।