- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- Gwalior News Mp News If The Student Does Not Write The Roll Number On The Copy The Carelessness Of The Kendra Will Be Written
छात्र कॉपी पर रोल नंबर नहीं लिखेंगे तो केंद्राध्यक्ष की लापरवाही लिखी जाएगी
जीवाजी यूनिवर्सिटी ने अंचल के कॉलेजों में यूजी तृतीय वर्ष की परीक्षा के साथ ही यूजी कोर्सों की परीक्षाएं शुरू करा दी हैं। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर छात्रों से कॉपियां इकट्ठी करने से लेकर बंडल बनाकर यूनिवर्सिटी भेजने तक क्या-क्या सावधानियां बरतनी है, इसको लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। छात्र अगर कॉपी पर रोल नंबर सहित अन्य प्रविष्टियां नहीं करता है और यह कॉपी परीक्षा केंद्र पर जमा कर ली जाती है तो इस मामले में केंद्राध्यक्ष के खिलाफ परीक्षा में लापरवाही की सूचना लिखकर आयुक्त उच्च शिक्षा को जेयू की ओर से भेजी जाएगी। जेयू के रजिस्ट्रार आईके मंसूरी ने इस संबंध में सभी केंद्राध्यक्षों और कॉलेज के प्राचार्यों को पत्र जारी कर दिया है।
परीक्षा होने के 2 दिन के अंदर विवि भेजें कॉपियां
{परीक्षा केंद्रों पर 9 अंकों वाली उत्तरपुस्तिका का ही उपयोग किया जाए। कॉपी पर केंद्राध्यक्ष की सील लगाने के लिए लाल स्टांप पैड का ही उपयोग किया जाए। काले या नीले स्टांप पैड का उपयोग न किया जाए। {परीक्षा केंद्र के सभी वीक्षकों को निर्देशित किया जाए कि परीक्षा कक्ष में प्रत्येक छात्र की कॉपी पर रोल नंबर, विषय कोड, कक्षा का नाम, नामांकन क्रमांक, छात्र के हस्ताक्षर की जांच करके ही वीक्षक अपने हस्ताक्षर करें। वीक्षक यह भी जांच करें कि छात्र ने सभी प्रविष्टियों के गोले सही काले किए हैं या नहीं, अगर कोई छात्र रोल नंबर कॉपी पर नहीं लिखता है ताे केंद्राध्यक्ष के विरुद्ध लापरवाही की सूचना आयुक्त उच्च शिक्षा को दी जाएगी। { कॉपियों पर बंडलों के ऊपर कला संकाय के लिए लाल रंग के स्कैच पैन, विज्ञान के लिए नीले रंग का स्कैच पैन, वाणिज्य संकाय के लिए हरे रंग के स्कैच पैन एवं अन्य व्यवसायिक परीक्षाओं के लिए काले रंग के स्कैच पेन का प्रयोग कर कॉपियों के बंडलों पर कक्षा का नाम, विषय कोड, दिनांक तथा उपस्थित छात्रों की संख्या लिखी जाए तथा केंद्राध्यक्ष की सील अनिवार्य रूप से अंकित की जाए। { ऐसी लापरवाही न बरती जाए कि एक विषय की कॉपियां दूसरे विषय के साथ मिला दी जाएं। { कॉपियों के बंडल परीक्षा होने के 2 दिन के अंदर यूनिवर्सिटी के वाहन के जरिए यूनिवर्सिटी भेज दिया जाए, अगर यूनिवर्सिटी का वाहन परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंचता है तो उसकी सूचना तुरंत ही रजिस्ट्रार को दी जाए। { कॉपियों को डॉकिट से मिलान कर ही यूनिवर्सिटी भेजें, इसमें किसी भी तरह की गलती नहीं होना चाहिए।