पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

आइसोलेशन वार्ड शहर के बाहर संदिग्ध काे जेएएच में किया भर्ती

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोरोना वायरस का एक और संदिग्ध सोमवार को जेएएच की ओपीडी में पहुंचा। डॉक्टरों ने चेकअप के बाद बीमारी की आशंका जताते हुए उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया। साथ ही सूचना सीएमएचओ कार्यालय को दी। सीएमएचओ की टीम ने जेएएच पहुंचकर संदिग्ध का सैंपल कराया। यह सैंपल जांच के लिए पुणे भेजा गया है। यह युवक 7 मार्च को नेपाल से ग्वालियर आया था।

युवक को जिस आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है, उससे सटा हुआ मेडिसिन वार्ड नंबर 2 है। इसके अलावा इस आइसोलेशन वार्ड के बाहर सामान्य मरीज बैठे रहते हैं। कलेक्टर के निर्देश पर सीएमएचओ ने शहर के बाहर 6 आइसोलेशन वार्ड बनाए हैं। जेएएच में आइसोलेशन के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। इसके बाद भी कोरोना वायरस के संदिग्ध को यहां भर्ती रखा गया है। एक दिन पहले ही सीएमएचओ डॉ. एसके वर्मा ने जेएएच अधीक्षक को पत्र लिखकर कहा था कि आइसोलेशन वार्ड के जो मापदंड हैं उनके हिसाब से आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था करें।

वायरस का डर... यात्रियों ने मास्क लगाकर ट्रेनों में किया सफर

होली के त्योहार पर ट्रेन और बसाें में भीड़ बढ़ गई है। सोमवार को रेलवे स्टेशन से लेकर बस स्टैंड तक यात्रियों से खचाखच भरे रहे। वहीं कोरोना वायरस के डर के कारण यात्री चेहरे पर मास्क लगाकर ट्रेन और बस में सफर किया। शाम के समय अमृतसर से चलकर नांदेड़ को जाने वाली ट्रेन में बड़ी संख्या में यात्री ग्वालियर से बैठे। जनरल कोच यात्रियों से पहले से ही फुल था। इसलिए यात्री जबरन स्लीपर कोच में घुस गए।

दो दिन पहले नेपाल से लौटा युवक, खांसी जुकाम और घबराहट हुई तो जेएएच पहुंचा

इंदरगढ़ निवासी 32 वर्षीय युवक बहोड़ापुर में किराए के मकान में रहता है। वह नेपाल घूमकर 7 मार्च को लौटा है। युवक को जुकाम, खांसी के साथ घबराहट की शिकायत है। इस कारण वह सोमवार को सुबह जेएएच की ओपीडी में दिखाने पहुंचा। मरीज का चेकअप करने के बाद उसे पत्थर वाली बिल्डिंग में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया। कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज के भर्ती होने की जानकारी लगते ही सीएमएचओ डॉ. एसके वर्मा ने डीएचओ डॉ. मनोज कौरव और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डॉ. महेंद्र पिपरौलिया को जेएएच भेजा,जहां उन्होंने माइक्रो बायोलॉजी विभाग से टीम बुलवाकर कोरोना वायरस की जांच के लिए सैंपल निकलवाया। यह सैंपल जांच के लिए पुणे भेज दिया गया है।

चीन के संघाई से लौटे 15 माह के बच्चे के सैंपल की रिपोर्ट आज मिलने के आसार

चीन के संघाई से लौटे सीपी कॉलोनी निवासी दंपति के 15 माह के बच्चे को पिछले चार दिन से जुकाम, बुखार है। सीएमएचओ ने टीम भेजकर बच्चे को केआरएच में सैंपल के लिए भिजवाया, शुक्रवार को परिजन सैंपल देने को तैयार नहीं हुए थे। शनिवार को केआरएच बुलवाकर बच्चे का सैंपल कराया गया और उसे जांच के लिए पुणे भेजा था। बच्चे को घर पर ही आइसोलेशन में रखा गया है। बच्चे को कोरोना वायरस है या नहीं इसका पता संभवत: मंगलवार को पुणे से रिपोर्ट आने बाद पता चल जाएगा। उधर, जेएएच में कोल्ड ओपीडी लगना शुरू हो गई है। सोमवार को जेएएच में सर्दी, खांसी और जुकाम के मरीजों ने कोल्ड ओपीडी में दिखाया। यहां मेडिसिन के जूनियर डॉक्टर मरीज देख रहे थे।
खबरें और भी हैं...