जेएएच में जूनियर डॉक्टरों ने देखे मरीज, नहीं हो सकीं जांचें
होली की दो दिन लगातार छुट्टी होने पर बुधवार को दो घंटे की ओपीडी चलाने के आदेश दिए गए थे इसके बाद भी जिला अस्पताल, जेएएच और सिविल अस्पताल हजीरा की ओपीडी में कुछ डॉक्टरों को छोड़कर अन्य डॉक्टर नहीं बैठे। जेएएच में जूनियर डॉक्टरों ने मरीज देखे।
शासन के निर्देश अनुसार अगर लगातार दो दिन का अवकाश रहता है तो किसी एक दिन दो घंटे की ओपीडी संचालित की जाती है। होली और भाईदूज पर दो दिन शासकीय अवकाश होने के चलते बुधवार को जेएएच, जिला अस्पताल मुरार और सिविल अस्पताल हजीरा सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं में सुबह 9 से 11 बजे तक दो घंटे की ओपीडी खुलनी थी। इसी के चलते जिला अस्पताल में भी दो घंटे की ओपीडी खुली, लेकिन ओपीडी में कुछ डॉक्टर पहुंचे तो कुछ के कक्ष खाली रहे। इसी तरह जेएएच की ओपीडी में कुछ सीनियर डॉक्टर को छोड़कर अन्य सीनियर डॉक्टर नहीं बैठे। उनकी जगह जूनियर डॉक्टरों ने मरीजों को देखा। इतना ही नहीं दीनदयाल सिविल डिस्पेंसरी में ताला लगा हुआ था। जेएएच में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों को डॉक्टरों ने तो देखा, लेकिन बिना जांच के ही उन्हें लौटना पड़ा। डॉक्टरों ने मरीजों का परीक्षण कर जांच के लिए सेंट्रल पैथोलॉजी जाने की बात कही, लेकिन सेंट्रल पैथोलॉजी लैब से मरीजों को छुट्टी की बात कह कर लौटा दिया गया।
स्वास्थ्य... दो दिन की छुट्टी के बाद 2 घंटे खुली ओपीडी